ABVP submitted:
जमशेदपुर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) जमशेदपुर के छात्र राज्य विश्वविद्यालय विधेयक 2025 का विरोध कर रहे हैं। इसे लेकर उन्होंने जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा दास साहू और पश्चिम के विधायक सरयू राय से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। परिषद ने निवेदन किया कि इस विधेयक को मंजूरी न देते हुए उच्च शिक्षा की स्वायत्तता और निष्पक्षता को प्राथमिकता दी जाये।
एबीवीपी ने आशंका जतायी कि यदि यह विधेयक लागू हुआ, तो इससे राज्य के विश्वविद्यालयों में राज्य सरकार का दखल और राजनीतिककरण बढ़ेगा। जिससे शैक्षणिक गुणवत्ता व स्वतंत्रता प्रभावित होगी। परिषद का कहना है कि उच्च शिक्षण संस्थानों को राजनीतिक प्रभाव से मुक्त रखना जरूरी है।
विवि में राजनीतिक दखलंदाजी बढ़ेगीः
एबीवीपी के महानगर मंत्री अभिषेक कुमार ने बताया कि विधेयक के पारित होने से विश्वविद्यालयों के प्रशासन में राजनीति का प्रवेश बढ़ जायेगा, जिससे योग्य शैक्षणिक नेतृत्व और स्वच्छ वातावरण प्रभावित हो सकता है। ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि वर्तमान प्रस्ताव छात्रों, शिक्षकों और समस्त शैक्षणिक समुदाय के हित में नहीं है।
परिषद ने विधायक सरयू राय एवं पूर्णिमा साहू से निवेदन किया कि वे इस विषय को विधानसभा में मजबूती से उठाएं और राज्य विश्वविद्यालय विधेयक-2025 को मौजूदा स्वरूप में पारित न होने दें। एबीवीपी ने विधेयक में महत्वपूर्ण संशोधन की मांग करते हुए कहा कि छात्रों के अधिकार, शिक्षकों की स्वतंत्रता और विश्वविद्यालय की गरिमा को अक्षुण्ण बनाए रखना सुनिश्चित किया जाये। मौके पर कार्यालय मंत्री प्रियांशु राज, आयुष झा, दीपक ठाकुर, विजय झा , रिया कुमारी एवं अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे
इसे भी पढ़ें
ABVP बीजेपी के पक्ष में बनायेगी माहौल,मेरा वोट मेरी आवाज के स्लोगन के साथ वोटरों तक पहुंचेगें छात्र
