झारखंड से अयोध्या के लिए चलेगी आस्था स्पेशल ट्रेन

2 Min Read

रांची। झारखंड के लोगों के लिए अयोध्या जाना अब आसान होनेवाला है। झारखंड से अयोध्या के लिए आस्था स्पेशल ट्रेन का शिड्यूल जारी कर दिया गया है।

टाटानगर से अयोध्या के लिए 29 जनवरी और 19 फरवरी को 08019 आस्था स्पेशल ट्रेन रवाना होगी। इसमें आइसीएफ कोच के 12 स्लीपर बोगियां होंगी। जो 758 किलोमीटर यात्रा को 15 घंटे में पूरा करेगी।

यह ट्रेन टाटानगर से रात 11 बजकर 50 मिनट पर रवाना होकर 12 बजकर 50 मिनट पर चांडिल, रात एक बजकर 45 मिनट पर पुरुलिया, सुबह तीन बजकर 10 मिनट पर बोकारो स्टील सिटी होते हुए राजाबेड़ा, गोमो, कोडरमा, गया, डेहरी ओन सोन, सहरसाराम, दीन दयाल उपाध्याय, वाराणसी, जौनपुर, अकबरपुर होते हुए दूसरे दिन दोपहर बाद तीन बजकर 20 मिनट पर अयोध्या पहुंचेगी।

वहीं, डाउन ट्रेन सुबह आठ बजे अयोध्या से रवाना होकर रात 11 बजे टाटानगर पहुंचेगी। टाटानगर के अलावा बोकारो स्टील सिटी से पांच एवं 26 फरवरी को, रांची से 12 फरवरी को एवं बालासोर से 16 फरवरी को आस्था स्पेशल ट्रेन रवाना होगी। ट्रेन में सीटों की बुकिंग आइआरसीटीसी द्वारा होगी।

बता दें कि अयोध्या राम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा हो चुकी है। अब नए राम मंदिर में विराजमान रामलला के दर्शन 23 जनवरी से आम लोग के लिए शुरू हो गये हैं। ऐसे में लोग ट्रेन के बारे में जानने को उत्सुक हैं कि वह अयोध्या कैसे जा सकते हैं।

इसे भी पढ़ें

असम में राहुल गांधी पर केस, भीड़ को उकसाने का आरोप

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं