Leopard in Ranchi: रांची में घर में घुसा बाघ! वन विभाग बोला-तेंदुया या जंगली बिल्ली

2 Min Read

Leopard in Ranchi:

रांची। रांची के कटहल मोड़ में एक घर में बाघ घुस गया। इसका सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद इलाके में दहशत फैल गई। किसी को यकीन ही नहीं हुआ। फुटेज में यह जानवर कुछ कुछ बाघ जैसा दिख रहा था। घटना लाल टॉकीज रोड नंबर-2 की है। यहां बीती रात घर में बाघ जैसे दिखने वाले जानवर के प्रवेश का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिससे लोगों में दहशत फैल गई। जानकारी के अनुसार, स्थानीय निवासी चंपा मुंडा के किरायेदार और पेशे से प्लंबर गुरु अंगारिया ने दावा किया कि शाम करीब सात बजे जब वह आंगन में बैठा था, तभी एक बाघ जैसा जानवर अचानक वहां आया और कुछ देर रुकने के बाद भाग गया। हालांकि जब तक अन्य लोग मौके पर पहुंचे, तब तक जानवर जा चुका था।

घटना की जानकारी मिलते ही कांके थाना पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पूरे इलाके में तलाशी अभियान चलाया गया। देर रात तक सर्च ऑपरेशन जारी रहा, लेकिन बाघ के मौजूद होने के संकेत नहीं मिले। एहतियातन पुलिस और वन विभाग की टीमों ने रातभर क्षेत्र में गश्त और निगरानी जारी रखी।

इस बीच, वायरल हुए सीसीटीवी फुटेज का वन विभाग ने गहन विश्लेषण किया। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि जो जानवर कैमरे में कैद हुआ है, वह बाघ नहीं बल्कि तेंदुआ या जंगली बिल्ली हो सकता है। फिर अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और भयभीत होने से बचें। साथ ही, घरों के आसपास सतर्क रहने की सलाह भी दी गई है।

इसे भी पढ़ें

बिहार के गांव में घुसा तेंदुआ, ग्रामीणों में दहशत

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं