डीजीपी की अध्यक्षता में चुनाव की तैयारियों को लेकर पुलिस मुख्यालय में हुई समीक्षा

2 Min Read

रांची : आसन्न लोकसभा चुनावों को लेकर एक समीक्षा बैठक शुक्रवार को पुलिस मुख्यालय में की गयी। डीजीपी की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में चुनाव की तैयारियों के शांतिपूर्ण क्रियान्वयन की समीक्षा की गयी।

बैठक में नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा संबंधी एसओपी के अनुपालन, चुनाव संबंधी प्रशिक्षण तथा पूर्व में आहूत चुनाव से संबंधित लंबित मामलों की भी समीक्षा की गयी।

बैठक में चुनाव को देखते हुए अपराधियों पर सख्त कार्रवाई करने तथा सभी जिलों में दस-दस दुर्दांत आपराधिक गिरोहों की सूची तैयार कर फरार अपराधियों को शीघ्र गिरफ्तार करने का निर्देश दिया गया।

समीक्षा बैठक में जेल में बंद अपराधियों की भी निगरानी रखने का आदेश दिया गया। जिससे अपराधी जेल से मोबाइल पर अपने गिरोह का संचालन न कर सकें।

बैठक में डीजीपी ने पूर्व से कार्यरत सीमावर्ती क्षेत्रों में अंतरराज्यीय चेक पोस्ट को सक्रिय करने का निर्देश दिया जिससे नक्सली और अपराधी अन्य राज्यों से झारखंड में शरण न ले सकें।

उन्होंने मादक पदार्थों, शराब और अवैध हथियार पर भी अंकुश लगाने का निर्देश दिया। बैठक में डीजीपी ने राज्य पुलिस की सोशल मीडिया निगरानी सेल को और अधिक कारगर बनाने को कहा।

बैठक में डीजीपी अजय कुमार सिंह के अलावा आइजी अभियान अमोल वेणुकांत होमकर तथा अन्य वरीय पुलिस अधिकारियों ने हिस्सा लिया।

इसे भी पढ़ें

चालीसवीं बार सुप्रीम कोर्ट ने इवीएम के ख़िलाफ़ याचिका की ख़ारिज

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं