धुर्वा में बन रहे लाइट हाउस प्रोजेक्ट का एक हिस्सा ढहा, निर्माण की गुणवत्ता पर उठे सवाल

1 Min Read

रांची : धुर्वा के जगन्नाथपुर में बन रहे लाइट हाउस प्रोजेक्ट में रहना जानलेवा हो सकता है। ऐसा इसलिए क्योंकि इसके निर्माण में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा जा रहा। इसकी बानगी तब देखने को मिली जब रविवार रात इस प्रोजेक्ट का एक हिस्सा भरभराकर ढह गया।

चूंकि ये हादसा रात बारह बजे के बाद हुआ इसलिए इसमें जान-माल की क्षति नहीं हुई। घटना की जानकारी मिलने के बाद इस मलबे को हरे कपड़े से ढंक दिया गया और किसी को अब प्रोजेक्ट के पास जाने नहीं दिया जा रहा है।

प्रोजेक्ट का एक हिस्सा ढहने से इस प्रोजेक्ट पर सवाल उठने लगे हैं। बताते चलें कि यह प्रोजेक्ट गरीबों को आवास मुहैया कराने के लिए बनाया जा रहा है। आठ मंजिला इस प्रोजेक्ट का निर्माण एसजीसी मैजिक्रीट एलएलपी कर रही है।

कंपनी को रांची में 1008 जी प्लस आठ फ्लैट बनाने की जिम्मेदारी दी गयी है। ये भवन थ्री डी कंस्ट्रक्शन सिस्टम से बन रहा है। झारखंड लाइट हाउस परियोजना का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 1 जनवरी 2021 को किया था।

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं