रांची। महाराष्ट्र के एक 6 महीने के मासूम का झारखंड में सौदा कर दिया गया। बच्चे को झारखंड के गिरिडीह जिला में 2 लाख में बेच दिया गया था। हालांकि पुलिस को जैसे ही इस मामले की सूचना मिली वैसे ही वह जांच में जुट गई। बच्चे को सही सलामत बरामद कर उसके माता-पिता को सौंप दिया गया।
घटना महाराष्ट्र के भिवंडी इलाके की है। बताया गया कि 14 अप्रैल को बच्चे की मां किसी पारिवारिक कार्यक्रम में सम्मिलित होने जा रही थी।
इसी दौरान उसने अपने पड़ोसी पर भरोसा कर बच्चे को छोड़ दिया लेकिन जब वह लौटी तो बच्चा गायब था। बच्चे के नहीं मिलने से महिला परेशान हो गई। फौरन पुलिस को इसकी सूचना दी।
सीसीटीवी से पकड़ाया आरोपी
पुलिस ने जांच शुरू की सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो देखा एक युवक बच्चे को लेकर जा रहा था। पुलिस तुरंत उस युवक को ढूंढने में लग गई।
त्वरित कार्रवाई से युवक पुलिस के हाथ लग गया। उसको हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ शुरू की गई तो उसने बताया कि बच्चे को झारखंड के गिरिडीह जिला में नक्सल प्रभावित जीतकुंडी में रखा गया है।
पुलिस ने तुरंत झारखंड पुलिस से संपर्क किया। महाराष्ट्र पुलिस रांची पहुंची और बच्चे को लेकर उसके मां-बाप को सौंप दिया। पुलिस ने बच्चे के खरीद-फरोख्त में शामिल तीन आरोपियों को महाराष्ट्र के थाणे से गिरफ्तार कर लिया है।
बच्चे की मां की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस इस बात की जांच में जुटी है कि इस तस्करी में केवल यही 3 लोग शामिल हैं या पूरा गिरोह बच्चों की तस्करी करता है।






