Child death accident: कुएं में गिरने से 5 वर्षीय मासूम की मौत, इलाके में शोक

2 Min Read

Child death accident

जमशेदपुर। परसुडीह थाना क्षेत्र के छोटा गोविंदपुर स्थित बजरंगनगर में सोमवार शाम एक दर्दनाक हादसे में पांच साल के मासूम शिवम कैवर्तो की कुएं में गिरने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

क्या है मामला?

जानकारी के मुताबिक, शिवम शाम को दोस्तों के साथ खेलने निकला था। करीब छह बजे उसके सभी दोस्त घर लौट आए, लेकिन शिवम वापस नहीं आया। देर शाम तक बच्चे का पता नहीं चलने पर परिजनों ने आसपास खोजबीन की और बाद में परसुडीह थाना पुलिस को सूचना दी। तलाश के दौरान पंचायत भवन के पास स्थित लगभग 30 फीट गहरे कुएं के पास शिवम की चप्पल मिली, जिससे अनहोनी की आशंका गहराई। पुलिस ने टाटा स्टील के सुरक्षाकर्मी मजरुल बारी की मदद से रस्सी के सहारे कुएं में खोज शुरू कराई। रात करीब साढ़े नौ बजे शिवम का शव कुएं से बाहर निकाला गया।

मौके पर मौजूद लोगों की आंखें नम

शव निकलते ही मौके पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में मामला हादसा प्रतीत हो रहा है।

परसुडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया

परसुडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि खेलते समय बच्चा कुएं में गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। परिजनों की लिखित शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों की पुष्टि होगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

Share This Article