चाईबासा में 5 नक्सली ढेर, भारी मात्रा में हथियार बरामद [5 Naxalites killed in Chaibasa, huge quantity of weapons recovered]

IDTV Indradhanush
3 Min Read

चाईबासा,एजेंसियां। झारखंड के चाईबासा जिले के गुवा में सुरक्षा बलों ने 5 नक्सलियों को ढेर कर दिया। जेटेया थाना क्षेत्र के लीपुंगा जंगल में पुलिस और नक्सलियों के बीच बीते सोमवार को हुई मुठभेड़ में पांच नक्सली मारे गये हैं। इसमे दो महिला नक्सली भी मारी गई हैं।

वहीं, दो नक्सली गिरफ्तार किये गये हैं। मुठभेड़ के बाद चलाये गये सर्च आपरेशन के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से भारी मात्रा में हथियार बरामद किये हैं।

मुठभेड़ में मारे गये सभी नक्सली इनामी हैं। सिंगराई उर्फ मनोज पर 10 लाख, कांडे और सूर्या पर पांच लाख जबकि अन्य पर दो लाख रुपये का इनाम घोषित है।

मुठभेड़ में मारे गये नक्सलियों की प्रारम्भिक पहचान जोनल कमांडर सिंगराई उर्फ मनोज, सब-जोनल कमांडर कांडे होनहागा उर्फ दिरशुम, एरिया कमांडर सूर्या उर्फ मुंडा देवगम, महिला नक्सली कैडर जुनगा पुर्ति उर्फ मारला और सपनी हांसदा के रूप में हुई है।

इस कार्रवाई में गिरफ्तार किये गये दो नक्सलियों की पहचान टाइगर उर्फ पांडू हांसदा और बातरी पांडा के रूप में हुई है।

सर्च अभियान पूरा

आईजी अभियान सह पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि अब सर्च अभियान पूरा हो चुका है। घटना के बारे में बताया कि सूचना मिली थी कि प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा माओवादी के शीर्ष नेता मिसिर बेसरा, अनमोल, मोछू, चमन, कांडे, अजय महतो, सांगेन अगरिया और अश्विन अपने दस्ता सदस्यों के साथ किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए एकत्र हुए हैं।

सूचना के बाद संयुक्त बलों ने एक विशेष अभियान शुरू किया। इस अभियान में चाईबासा पुलिस, सीआरपीएफ, कोबरा बटालियन और झारखंड जगुआर शामिल थे।

नक्सलियों ने की पुलिस पर फायरिंग

सर्च अभियान के दौरान नक्सलियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षार्थ जवानों के जवाबी फायरिंग में पांच नक्सली मारे गये, जबकि दो नक्सली भागने के दौरान पकड़े गये।

इलाके में सर्च अभियान जारी है। घटनास्थल से अबतक एक इंसास, दो एसएलआर, तीन रायफल और एक नाइन एमएम पिस्टल बरामद किया गया है।

आईजी अभियान ने नक्सलियों से आह्वान किया है कि वे हिंसा का रास्ता छोड़ कर मुख्य धारा से जुड़ कर झारखंड के विकास से जुड़ें और सरकार की नीति के तहत सरेंडर करें। झारखंड पुलिस उनका स्वागत करेगी।

इसे भी पढ़ें

चाईबासा में पुलिस-नक्सली मुठभेड़, 4 नक्सली ढेर

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं