रांची। देश की चर्चित न्यूज वेबसाइट न्यूज क्लिक के दफ्तर और इसके पत्रकारों के यहां दिल्ली पुलिस की स्पेशल टीम ने छापेमारी की है। न्यूज क्लिक के 30 ठिकानों पर छापेमारी की गयी है। कुछ और स्थानों पर भी छापेमारी की संभावना जतायी जा रही है। छापेमारी में दिल्ली पुलिस की 30 से अधिक टीमों को लगाया गया है।
वहीं पत्रकार उर्मिलेश और अभिसार शर्मा को पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। छापेमारी मंगलवार को सुबह से ही जारी है।
मोबाइल और लैपटाप जब्त
पुलिस ने छापेमारी में कई लैपटॉप और मोबाइल को भी जब्त किया है। इसमें स्टोर डेटा को रिकवर किया जा रहा है।
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने यूएपीए के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही, हिरासत में लिये गये पत्रकारों से पूछताछ शुरू कर दी है।
यह है मामला
मामला तीन साल के संक्षिप्त समय में 39 करोड़ रुपये की लेनदेन से जुड़ा है। इसके तार न्यूज क्लिक से जुड़े हुए हैं।
लेनदेन का कोई स्पष्ट लेखाजोखा नहीं मिल रहा है। इनमें से ज्यादातर रकम की फंडिंग विदेश से हुई है।
दिल्ली पुलिस को इस बात की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद इस सूचना को आधार बनाकर दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा और फिर ईडी ने मामले की पड़ताल की है।
बाद में इस जांच-पड़ताल में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल को भी जोड़ा गया। दिल्ली पुलिस ने ही इस मामले में यूएपीए के तहत मामला दर्ज कर छापेमारी की कार्रवाई शुरू की है।
बता दें कि 2021 में ही दिल्ली पुलिस ने न्यूज क्लिक पर अवैध फंडिंग का आरोप लगाया था। कहा गया था कि वेबसाइट को चीनी कंपनियों से पैसा मिलता है। इसे लेकर मुकदमा भी दर्ज हुआ था।
हालांकि न्यूज क्लिक के संचालकों को उस समय हाईकोर्ट के आदेश पर गिरफ्तारी से छूट मिली थी। कहा जा रहा है कि ये सब केंद्र सरकार के इशारे पर हो रहा है।








