मैथन डैम में नहाने के दौरान डूबे 3 किशोर, तलाश जारी [3 teenagers drowned while bathing in Maithon Dam, search continues]

2 Min Read

धनबाद। धनबाद से मैथन डैम घूमने गए 6 दोस्तों में से 3 किशोर नहाने के दौरान डूब गए। यह घटना बुधवार शाम करीब 4 बजे हुई। घटना की जानकारी मिलते ही घरवालों ने मैथन पहुंचना शुरू किया।

माहौल गमगीन हो गया, और हर तरफ चीख-पुकार मच गई। देर रात तक डूबे किशोरों का कोई पता नहीं चल सका। डूबने वाले किशोरों में नयाब गद्दी (15) निवासी नया बाजार, जायद हुसैन (16), बरमसिया, और युवराज सिंह (16) शामिल हैं। वहीं, उनके तीन साथी – लकी, इसान आलम और तकदीस सलाम सुरक्षित घर लौट गए।

ये सभी बुधवार दोपहर बीना किसी को बताए मैथन डैम घूमने गए थे। सभी दोस्त डैम के पास तीन टावर के नीचे नहाने गए। नहाने के दौरान 3 किशोर डूब गए। हादसे के बाद डर के कारण बाकी 3 युवक बिना किसी को बताए धनबाद लौट गए।

जब डूबे हुए किशोर घर नहीं पहुंचे तो उनके परिजनों ने बाकी दोस्तों से पूछताछ की। पहले तो उन्होंने कुछ नहीं बताया, लेकिन दबाव डालने पर एक युवक ने बताया कि वे मैथन डैम गए थे और नहाते समय 3 किशोर डूब गए। इसके बाद परिजन मैथन पहुंचे। तब तक रात हो चुकी थी।

अंधेरे से बाधित खोजबीन

मैथन ओपी प्रभारी आकृष्ट अमन ने बताया कि सीआईएसएफ के जवान और स्थानीय लोग मिलकर डूबे किशोरों की तलाश कर रहे हैं। हालांकि, अंधेरा होने के कारण खोजबीन में दिक्कत हो रही है। डूबे किशोरों की खोजबीन अभी जारी है।

इसे भी पढ़ें

तोपचांची वाटर बोर्ड झील में डूबने से एक युवक की मौत

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं