लातेहार में बलबल नदी पार करने के दौरान 3 लोग बहे, 50 बकरियां भी बहीं [3 people washed away while crossing Balbal river in Latehar, 50 goats also washed away]

2 Min Read

लातेहार। लातेहार जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र अंतर्गत बिशनपुर गांव स्थित बलबल नदी में तीन लोग बह गये हैं। घटना रविवार की रात की है।

ग्रामीणों द्वारा लापता लोगों की खोजबीन रात में ही शुरू कर दी गई थी। घटना को लेकर बताया जा रहा है कि बिशनपुर गांव निवासी कुछ लोग अपनी बकरियों को चराने गांव के निकट स्थित नदी के उस पार जंगल में गए थे।

इसी बीच अचानक बारिश होने लगी। बारिश के कारण नदी में बाढ़ आ गई थी। देर शाम जब ग्रामीण बकरियों को चराकर वापस गांव लौटने लगे तो नदी में पानी बढ़ने का अंदाजा नहीं लग पाया और सभी लोग पानी में बहने लगे।

कुछ लोग बचने में सफल रहे

इनमें कुछ लोग तो किसी प्रकार नदी से बाहर निकल आए, लेकिन बसंती देवी, फूलो देवी और एक 13 वर्ष का लड़के का पता नहीं चल पाया।

इधर ग्रामीणों के द्वारा हल्ला मचाए जाने के बाद अन्य ग्रामीण भी घटना स्थल पर पहुंचे और लापता लोगों की तलाश में जुट गए।

ग्रामीणों का कहना है कि नदी में उनकी बकरियां भी लापता हो गई हैं। ग्रामीणों का कहना है कि लगभग 50 से अधिक बकरियों को लेकर ग्रामीण नदी पार कर रहे थे।

लेकिन अचानक नदी में पानी बढ़ जाने के कारण तीन लोगों के साथ-साथ सभी बकरियां भी लापता हो गई हैं।

पुलिस कर रही छानबीन

बालूमाथ एसडीपीओ आशुतोष सत्यम ने बताया कि मामले की सूचना पुलिस को मिली है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की छानबीन कर रही है।

छानबीन के बाद ही मामला स्पष्ट हो पाएगा। फिलहाल नदी में बहे लोगों की तलाश जारी है। समाचार लिखे जाने तक बहे ग्रामीणों का कुछ पता नहीं चल पाया है।

इसे भी पढ़ें

लातेहार में करंट से 5 कांवरियों की मौत, 5 घायल, 2 रिम्स रेफर

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं