जमशेदपुर में ट्रेन से कटकर 2 बच्चों समेत 3 की मौत [3 including 2 children killed after being hit by train in Jamshedpur]

2 Min Read

मालगाड़ी की चपेट में आए तीनों, मृतकों की पहचान नहीं

जमशेदपुर। जमशेदपुर में ट्रेन से कटकर एक व्यक्ति और उसके दो बच्चों की मौत हो गई। घटना गोविंदपुर हाल्ट के समीप सुबह तीन बजे की बताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि तीनों डाउन लाइन आ रही मालगाड़ी की चपेट में आ गए। मालगाड़ी हावड़ा की ओर जा रही थी।

घटना के बाद मालगाड़ी के लोको पायलट ने तत्काल इसकी सूचना गोविंदपुर हाल्ट के स्टेशन मास्टर को दी जिसके बाद गोविंदपुर पुलिस को सूचित किया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस जुटी मृतकों की पहचान में

मृतकों में एक बच्ची की उम्र पांच साल और एक की तीन साल बताई जा रही है। जबकि व्यक्ति की उम्र 30 साल बताई जा रही है।

फिलहाल मृतकों की अभी पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने आस-पास के लोगों से मृतकों की पहचान कराने की भी कोशिश की, लेकिन सभी ने पहचानने से इनकार कर दिया।

हालांकि, पुलिस ने आस-पास के थानों को सूचित कर लापता व्यक्तियों के बारे में जानकारी मांगी है।

मालगाड़ी से हुई टक्कर

इधर, मामले को लेकर गोविंदपुर थाना प्रभारी प्रकाश कुमार ने बताया कि स्टेशन मास्टर ने सुबह तीन बजे फोन पर घटना की सूचना दी।

सूचना पर वे खुद घटनास्थल पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि घटना गोविंदपुर हाल्ट से थोड़ी दूरी पर हुई है।

पुलिस आत्महत्या के बिंदू पर भी जांच कर रही है, लेकिन शव को देखकर लगता है कि रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान ट्रेन से टकराने के बाद हादसा हुआ है।

इसे भी पढ़ें

गुमला-रांची एनएच पर हादसा, बस-कार की टक्कर, 3 की मौत

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं