पेट्रोल पंपों की मनमानी, 500 रुपये का तेल लेने की शर्त
रांची। आरबीआई की गाइडलाइन के मुताबिक आज से झारखंड समेत पूरे देश में 2000 हजार के नोट बदलने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। झारखंड के तमाम सरकारी और प्राइवेट बैंक में नोट एक्सचेंज किए जा रहे हैं। बैंकों में सामान्य दिनों की तरह ही भीड़ है। रांची के कोकर, बरियातू, लालपुर, मेन रोड, कांटा टोली स्थित एसबीआई, बैंक ऑफ इंडिया, एक्सिस, आइसीआइसीआइ बैंक में आम दिनों की तरह की काम हो रहा है।
पेट्रोल पंपों की शर्त से लोग परेशान
बैंक के अलावा पेट्रोल पंप में भी 2000 के नोट भुनाये जा रहे हैं। हालांकि यह संख्या बहुत कम है। कुछ पेट्रोल पंपों पर 2000 के नोट तभी लिए जा रहे हैं, जब ग्राहक कम से कम 500 रुपये का पेट्रोल खरीद रहे हैं। पेट्रोल पंप में एक समस्या यह भी आ रही है कि लोग एक सौ या दो सौ रुपये का पेट्रोल खरीद कर दो हजार रुपये का नोट थमा रहे हैं। ऐसे में छोटे नोट की समस्या पेट्रोल पंप में हो जा रही है।
अस्पतालों में ऑनलाइन पैमेंट पर जोर
अस्पतालों में कैश फ्लो नहीं के बराबर हो रहा है। अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि लोग ऑनलाइन पैमेंट पर ही ज्यादा जोर दे रहे हैं। वैसे जो लोग दो हजार का नोट दे रहे हैं, उन्हें स्वीकार किया जा रहा है।
पैनिक होने की जरूरत नहीं
नोट एक्सचेंज के संबंध में बैंक ऑफ इंडिया मुख्य शाखा के सहायक प्रबंधक सुबोध कुमार ने बताया कि लोगों को नोट एक्सचेंज करने में कहीं कोई परेशानी नहीं हो रही है। आरबीआई की गाइडलाइन के हिसाब से लोगों को तमाम सुविधाएं दी जा रही हैं।
चुंकि लोगों की संख्या काफी कम है, ऐसे में सामान्य काउंटर में ही काम हो रहा है। उन्होंने बताया कि लोगों को पैनिक होने की जरूरत नहीं है। एक दिन में लोग चाहें तो कई बार नोट एक्सचेंज कर सकते हैं। लेकिन एक बार में अधिकतम 20 हजार की बदल सकते हैं। उन्होंने बताया कि एक व्यक्ति एक दिन में एक बार से अधिक एक्सचेंज कर सकता है।








