सर्वे रिपोर्ट के आधार पर प्राथमिक स्कूलों का हुआ है चयन
रांची। झारखंड के जनजातीय भाषा के बच्चों के लिए अच्छी खबर है। अब प्राइमरी स्कूलों में जनजातीय भाषाओं की भी पढ़ाई होगी। साथ ही राज्य के उन युवाओं के लिए अच्छी खबर है, जिन्होंने जनजातीय व क्षेत्रीय भाषा की पढ़ाई की है।
ऐसे युवाओं के लिए जल्द ही झारखंड में बंपर वेकैंसी निकलने वाली है। दरअसल झारखंड के प्राथमिक विद्यालयों में जनजातीय व क्षेत्रीय भाषा में घंटी आधारित शिक्षकों की नियुक्ति होने जा रही है।
इसके लिए जिलों से सर्वे कर रिपोर्ट मांगी गयी थी। सर्वे रिपोर्ट स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग को भेज दी गयी है। रिपोर्ट के आधार पर जनजातीय व क्षेत्रीय भाषा में 12 हजार शिक्षक नियुक्त किये जाएंगे।
सर्वे के आधार पर ही इन स्कूलों का चयन किया गया है। जानकारी के अनुसार इसी माह शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू जायेगी। शिक्षकों की नियुक्ति के लिए जिला स्तर पर उपायुक्त की अध्यक्षता में कमेटी गठित होगी। शिक्षक नियुक्ति के लिए मेरिट लिस्ट तैयार करने का मानक तैयार कर लिया गया है।
प्रस्ताव भेजा जायेगा कैबिनेट मे
विभाग ने नियुक्ति को लेकर तैयारी शुरू कर दी है। शिक्षकों के मानदेय भुगतान की राशि व अन्य आवश्यक प्रक्रिया को लेकर प्रस्ताव कैबिनेट में भेजा जायेगा। शिक्षकों की नियुक्ति प्राथमिक विद्यालय में उन भाषाओं में की जायेगी, जहां कक्षा एक से पांच में हर कक्षा में न्यूनतम 10 विद्यार्थी उक्त भाषा को बोलने वाले होंगे।
किसी विद्यालय में अगर प्रति कक्षा एक से अधिक भाषा बोलने वाले 10 या उससे अधिक विद्यार्थी नामांकित हैं, तो एक से अधिक भाषा में शिक्षक की नियुक्त की जायेगी।
कैसी होगी मेरिट लिस्ट
मैट्रिक, इंटर, इंटर में जनजातीय व क्षेत्रीय भाषा का प्राप्तांक, स्नातक, स्नातकोत्तर व प्राथमिक शिक्षक प्रशिक्षण के प्राप्तांक के आधार पर अंक दिया जायेगा। मैट्रिक, स्नातक के लिए 20-20 अंक निर्धारित किये गये हैं।
इंटर के लिए 30 अंक व इंटर में जनजातीय, क्षेत्रीय भाषा, स्नातकोत्तर व प्राथमिक शिक्षक प्रशिक्षण परीक्षा के अंक के लिए 10-10 अंक निर्धारित किया गया है। अभ्यर्थी का इंटर 45 फीसदी अंक होना अनिवार्य है।
इसके अलावा अभ्यर्थी जिस विषय में नियुक्ति के लिए आवेदन जमा करेंगे, उस विषय में इंटर में पास होना अनिवार्य है। अभ्यर्थियों के लिए उम्र सीमा 21 से 45 वर्ष निर्धारित की गयी है।
इन भाषाओं में होगी नियुक्ति
राज्य के 15 जनजातीय व क्षेत्रीय भाषा में शिक्षकों की नियुक्ति की जायेगी। विद्यालयों में संथाली, हो, खड़िया, कुड़ुख, मुंडारी, माल्तो, बिरहोरी, भूमिज, असुर, बांगला, उड़िया, पंचपरगनिया, खोरठा, कुरमाली व नागपुरी भाषा में शिक्षकों की नियुक्ति की जायेगी।
इसे भी पढ़ें
जनजातीय भाषा के 33 हजार शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया इसी माह से



















