143 मुहाने और 11 सुरंगों को बंद किया गया
रामगढ़। रामगढ़ के वेस्ट बोकारो ओपी क्षेत्र में लगातार चौथे दिन अवैध कोयला खदानों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई में कोतरे जंगल में स्थित 12 कोयला अवैध मुहानों के ऊपर ड्रिल मशीन से 84 ड्रिल कर उसमें भारी मात्रा में बारूद भरकर उड़ाया गया। इस विस्फोट के दौरान पूरा क्षेत्र दहल गया।
2625 किलोग्राम ब्लास्टिंग सामग्री के उपयोग से 143 अवैध मुहानों,11 सुरंगों को बंद किया गया। एक दिन पहले 21 अवैध मुहानों व 2 सुरंगों को बंद किया गया था। यह विस्फोट दो चरणों में किया गया। दोनों विस्फोट में पांच-पांच सेकेंड का समय लगा और सभी खदानें ध्वस्त कर दिए गए।
अनाउंसमेंट कर लोगों को हटाया गयाः
इस कार्रवाई के दौरान आस पास के लोगों को अनाउंसमेंट कर हटा दिया गया था। ताकि कोई अप्रिय घटना नहीं घट सके। वहीं, पुलिस लगातार चार दिनों से अवैध खदानों को ध्वस्त करने के लिए कोतरे जंगल में दिन रात रहकर कोयला तस्करों के खिलाफ दबिश बनाए हुए थी।
कोयला माफियाओं का था राजः
जंगल के इन छोटे-छोटे पहाड़ों के नीचे माफिया कोयला खनन कर वर्षों से बेच रहे थे। जिला प्रशासन और पुलिस की इस कड़ी कार्रवाई से कोयला माफियाओं का साम्राज्य समाप्त होता नजर आ रहा है। कार्रवाई में वन प्रमंडल पदाधिकारी नितेश कुमार, जिला खनन पदाधिकारी निशांत अभिषेक, अनुमंडल पदाधिकारी अनुराग तिवारी, एसडीपीओ रामगढ़ परमेश्वर प्रसाद, ओपी प्रभारी दीपक कुमार, सीसीएल सुरक्षा प्रभारी डॉ. बिमल कुमार आदि शामिल थे।
इसे भी पढ़ें
गिरिडीह-कोडरमा सीमा पर अवैध माइका खदान धंसने की आशंका, प्रशासन में असमंजस









