Argora police station: जमीन सौदे में 1.06 करोड़ की ठगी, अरगोड़ा थाना में FIR दर्ज

3 Min Read

Argora police station:

रांची। राजधानी रांची में जमीन के सौदे को लेकर धोखाधड़ी और ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। कडरू निवासी मजहरूल हक़ ने अरगोड़ा थाना में मो. जावेद अख्तर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। शिकायतकर्ता ने आरोपी पर धोखाधड़ी, गबन और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है।

एफआईआर के मुताबिक

एफआईआर के मुताबिक, 1 करोड़ 6 लाख 83 हजार रुपये के गबन का मामला दर्ज हुआ है। मजहरूल हक़ ने बताया कि उन्होंने अपने पार्टनर गोपाल कुमार के साथ 20 मई 2023 को मौजा चुटु (थाना सदर) में कुल 4 एकड़ 5.50 डिसमिल जमीन के लिए जावेद अख्तर के साथ समझौता किया था। सौदे में प्रति डिसमिल 5 लाख रुपये की दर तय हुई थी। शुरुआत में जावेद अख्तर को 21 लाख रुपये अग्रिम दिए गए। बाद में मजहरूल हक़ ने अब तक 2 करोड़ 86 लाख 83 हजार रुपये का भुगतान किया। लेकिन जावेद अख्तर ने केवल 1 करोड़ 80 लाख रुपये मूल्य की ही भूमि का रजिस्ट्रेशन कराया। शेष 1.06 करोड़ रुपये की जमीन का रजिस्ट्रेशन नहीं हुआ और राशि आरोपी के पास ही रह गई।

लीगल नोटिस का भी नहीं मिला जवाब

मजहरूल के अनुसार, वे कई बार जावेद अख्तर से संपर्क करते रहे ताकि शेष जमीन का निबंधन पूरा किया जा सके, पर आरोपी लगातार टाल-मटोल करता रहा। आखिरकार उसने शिकायतकर्ता का फोन नंबर ब्लॉक कर दिया। जब मजहरूल हक़ उनके घर पहुंचे, तो परिजनों ने मिलने से मना कर दिया। थक-हारकर उन्होंने 25 जून 2025 को वकील के माध्यम से लीगल नोटिस भेजा, पर उसका भी कोई जवाब नहीं मिला।

धमकी और उत्पीड़न का आरोप

शिकायत में यह भी कहा गया है कि जब मजहरूल हक़ ने बार-बार शेष राशि की मांग की, तो जावेद अख्तर ने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इस घटना के बाद मजहरूल मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान हैं। अंततः उन्होंने अरगोड़ा थाना पहुंचकर एफआईआर दर्ज कराई।

इसे भी पढ़ें

Hazaribagh land scam: हजरीबाग जमीन घोटालाः विनय सिंह के ठिकानों से एसीबी को मिले कई सबूत


Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं