पलामू। झारखंड के पलामू जिले में एक स्कॉर्पियो लूट की वारदात में तीन बदमाश पकड़े गए हैं। छतरपुर थाना क्षेत्र के धोबीडीह गांव के पास यह घटना हुई थी। जानकारी के अनुसार श्रेया स्टोन के मालिक रामाशीष सिंह की स्कॉर्पियो उनका ड्राइवर छतरपुर से महुअरी ले जा रहा था।
रास्ते में बाइक सवार बदमाशों ने स्कॉर्पियो को ओवरटेक कर उसके सामने बाइक गिरा दी। बदमाशों ने चालक से चाबी और मोबाइल छीन लिया।
चालक और रसोइया ने पास के एक घर में मदद मांगी। लेकिन बदमाशों ने खुद को टीपीसी नक्सली बताते हुए घर जलाने की धमकी दी। डर के मारे घर का व्यक्ति अंदर चला गया। जिसके बाद बदमाश स्कॉर्पियो लेकर फरार हो गए।
सिलदाग गांव में मिला स्कॉर्पियोः
घटना के बाद चालक ने रामाशीष सिंह को सूचना दी। उन्होंने पुलिस को जानकारी देकर अपने लोगों के साथ घटनास्थल की ओर निकले। रास्ते में उन्हें दो संदिग्ध मिले, जिन्हें पकड़ लिया गया। आगे बढ़ने पर सिलदाग गांव के पास लूटी गई स्कॉर्पियो पलटी मिली।
गैंग का सरगना फरारः
वहां से भाग रहे एक और बदमाश को भी पकड़ लिया गया। पूछताछ में पता चला कि पकड़े गए तीनों लोग लूट में शामिल थे। गैंग का मुख्य सरगना स्कॉर्पियो से उतरकर भाग निकला। पुलिस उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है।
इसे भी पढ़ें













