Warehouse operations India:
चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले में प्रशासन ने सहायक गोदाम प्रबंधकों का बड़ा फेरबदल किया है। तीन साल से अधिक समय से पदस्थ छह सहायक गोदाम प्रबंधकों को उनके प्रखंडों से हटाकर उनकी जगह जनसेवकों की प्रतिनियुक्ति की गई है। यह आदेश जिला आपूर्ति शाखा द्वारा जारी किया गया है। बंदगांव, सोनुवा–गुदड़ी, मनोहरपुर, खूंटपानी, कुमारडुंगी और नोवामुण्डी प्रखंडों के झारखंड राज्य खाद्य निगम गोदामों में नए सहायक गोदाम प्रबंधकों की नियुक्ति की गई है। हटाए गए कर्मियों की सेवा अवधि पांच से सात वर्ष हो चुकी थी।
खाद्यान्न वितरण की धीमी प्रगति पर प्रशासन की नाराजगी
खाद्यान्न वितरण की धीमी प्रगति पर प्रशासन ने नाराजगी जताई है। दिसंबर 2025 माह के लिए राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत केवल 65.33 प्रतिशत और झारखंड राज्य खाद्य सुरक्षा योजना के तहत सिर्फ 47.31 प्रतिशत घर-घर वितरण ही पूरा हो सका है। जिला प्रशासन ने इसे गंभीरता से लेते हुए साफ निर्देश दिया है कि वर्तमान सहायक गोदाम प्रबंधक तीन दिनों के भीतर खाद्यान्न वितरण का कार्य पूरा करें और इसके बाद अपना प्रभार नए प्रबंधकों को सौंप दें।
प्रखंड आपूर्ति अधिकारियों को निर्देश
प्रखंड आपूर्ति अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे एक सप्ताह के भीतर प्रभार हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी कर रिपोर्ट जिला कार्यालय को भेजें। आदेश की प्रतियां सभी संबंधित अधिकारियों को भेज दी गई हैं।

