Prashant Singh:
रांची। झारखंड के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अनुराग गुप्ता के इस्तीफे के बाद राज्य में नए डीजीपी की नियुक्ति को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है। मंगलवार देर शाम अनुराग गुप्ता ने मुख्यमंत्री आवास में अपना लिखित इस्तीफा सौंप दिया, जिसके बाद से ही इस पद के लिए नामों की दौड़ शुरू हो गई है।
सूत्रों के अनुसार:
सूत्रों के अनुसार, नए डीजीपी की रेस में फिलहाल दो वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी प्रमुख रूप से शामिल हैं — प्रशांत सिंह और एम.एस. भाटिया। प्रशांत सिंह फिलहाल डीजी मुख्यालय के पद पर हैं, जबकि एम.एस. भाटिया डीजी होमगार्ड के रूप में कार्यरत हैं। माना जा रहा है कि प्रशांत सिंह का नाम सूची में शीर्ष पर है और उन्हें ही अगला डीजीपी बनाए जाने की संभावना सबसे अधिक है।
अनुराग गुप्ता का इस्तीफा स्वीकार किया गया:
अनुराग गुप्ता का इस्तीफा स्वीकार कर लिया गया है और सरकार अब नए डीजीपी के चयन पर विचार कर रही है। फिलहाल झारखंड पुलिस डीजीपी विहीन स्थिति में है, लेकिन सूत्रों के मुताबिक किसी भी समय नई नियुक्ति की घोषणा हो सकती है।बता दें कि अनुराग गुप्ता को वर्ष 2022 में डीजी रैंक में प्रमोशन मिला था। जुलाई 2024 में उन्हें झारखंड का प्रभारी डीजीपी नियुक्त किया गया था। विधानसभा चुनावों के दौरान उन्हें अस्थायी रूप से पद से हटाया गया था, लेकिन 28 नवंबर 2024 को दोबारा डीजीपी बनाया गया और 3 फरवरी 2025 को नियमित डीजीपी के रूप में अधिसूचना जारी हुई थी।
हालांकि अधिसूचना में उनके कार्यकाल की अवधि का उल्लेख नहीं था, पर नियमावली के अनुसार डीजीपी का कार्यकाल दो वर्ष का निर्धारित है। अब देखना होगा कि झारखंड पुलिस का नया मुखिया कौन बनता है प्रशांत सिंह या एम.एस. भाटिया।
इसे भी पढ़ें
Prashant Kishor: अब बेतिया के सांसद ने प्रशांत किशोर के खिलाफ किया मानहानी का केस



