इंफाल। कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा रविवार को मणिपुर के निकट थौबल से शुरू हुई। राहुल गांधी पूरे लाव लश्कर के साथ मणिपुर पहुंचे। मौके पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे भी मौजूद रहे।
खरगे ने हरी झंडी दिखा कर यात्रा की शुरुआत की। यात्रा से पहले राहुल गांधी ने मणिपुर में एक सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि मणिपुर में भाई-बहन, माता-पिता आंखों के सामने मरे और आज तक हिंदुस्तान के प्रधानमंत्री मणिपुर में आपके आंसू पोछने, गले मिलने नहीं आए। ये शर्म की बात है।
वहीं कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे बोले कि मोदी जी समंदर में सैर करने जाते हैं, राम-राम जपते हैं लेकिन मणिपुर नहीं आते। उनके मुंह में राम और बगल में छुरी है।
राहुल की ये यात्रा पहले दोपहर 12 बजे शुरू होने वाली थी। दिल्ली में कोहरे के चलते राहुल के विमान ने देर से उड़ान भरी। राहुल के साथ अशोक गहलोत, सचिन पायलट, दिग्विजय सिंह, सलमान खुर्शीद, आनंद शर्मा और राजीव शुक्ला जैसे कई सीनियर नेता मणिपुर पहुंचे।
राहुल की भारत जोड़ो न्याय यात्रा 15 राज्यों के 110 जिलों को कवर करेगी। इसमें राहुल 6700 किमी का सफर तय करेंगे। यात्रा 20 मार्च को मुंबई में खत्म होगी।
इसे भी पढ़ें
हजारीबाग NH पर दर्जनों जंगली हाथियों का झुंड पहुंचा, सड़क जाम