Ranchi Elephant Terror News: जंगली हाथी ने रांची के रिहायशी इलाके में मचाई दहशत

2 Min Read

Ranchi Elephant Terror News:

रांची। राजधानी के हवाई नगर इलाके में शुक्रवार सुबह एक जंगली हाथी घुस आने से लोगों में अफरा-तफरी मच गई। जंगल से भटक कर आया विशालकाय हाथी गलियों में घूमने लगा, जिससे स्थानीय लोग दहशत में आ गए और घरों में छिपने को मजबूर हो गए। सड़क पर मौजूद लोग इधर-उधर भागने लगे, जबकि स्कूल जा रहे बच्चे भी डर गए।

वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची

स्थानीय निवासियों ने तुरंत वन विभाग को सूचना दी, जिसके बाद वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने सायरन और पटाखों की आवाज कर हाथी को आबादी वाले इलाके से दूर करने की कोशिश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद हाथी को सुरक्षित तरीके से रिंग रोड होते हुए जंगल की ओर भेज दिया गया। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि हाथी भटक कर शहर में आ गया था, लेकिन उसे सुरक्षित जंगल में वापस भेज दिया गया है।

इस दौरान हाथी ने कुछ दुकानों को नुकसान पहुंचाया और वाहनों को धक्का दिया, लेकिन किसी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाथी अचानक दिखने से इलाके में डर का माहौल बन गया था।

जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ रहा

झारखंड में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ रहा है। हाल के दिनों में हाथियों के हमलों में कई लोगों की जान जा चुकी है, जिससे वन विभाग और प्रशासन पर सवाल उठ रहे हैं। मुख्यमंत्री ने भी इस मुद्दे पर बैठक कर मानव-हाथी संघर्ष को रोकने के लिए ठोस योजना बनाने और प्रभावित परिवारों को जल्द मुआवजा देने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल वन विभाग जंगल क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने और हाथियों के रिहायशी इलाकों में प्रवेश रोकने के प्रयास कर रहा है।

Share This Article