Champai Soren: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन के पोते वीर सोरेन का कुल्लू में संदिग्ध मौत

2 Min Read

Champai Soren

रांची। पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन के परिवार से एक अत्यंत दुखद समाचार सामने आया है। उनके 19 वर्षीय पोते वीर सोरेन का हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में संदिग्ध परिस्थितियों में निधन हो गया। वीर सोरेन उच्च शिक्षा के लिए बाहर रह रहे थे और इन दिनों मित्रों के साथ हिमाचल प्रदेश भ्रमण पर गए हुए थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार को वीर अपने दोस्तों के साथ कुल्लू में बर्फबारी का आनंद लेने और स्केटिंग करने गए थे। बताया जा रहा है कि होटल लौटने के कुछ समय बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। हालत इतनी तेजी से खराब हुई कि उन्हें अस्पताल ले जाने का अवसर भी नहीं मिल सका और उन्होंने होटल में ही अंतिम सांस ली। हालांकि, उनकी मृत्यु के सटीक कारणों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। स्थानीय प्रशासन मामले की जांच में जुटा है।

घटना की सूचना मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई

पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन गहरे सदमे में हैं। वे अपने पुत्रों के साथ मंगलवार देर रात रांची से हवाई मार्ग द्वारा दिल्ली के लिए रवाना हुए, जहां से वे हिमाचल प्रदेश पहुंचेंगे। परिवार की ओर से जारी शोक संदेश में कहा गया है कि 24 फरवरी 2026 को मनाली में अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद वीर को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। चंपाई सोरेन के पैतृक गांव झिलिंगगोड़ा सहित पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। गांव में चल रहे सभी पारंपरिक कार्यक्रमों को स्थगित कर दिया गया है। वीर सोरेन के असामयिक निधन से परिवार और समर्थकों में गहरा दुख व्याप्त है।

Share This Article