Cooking gas bookings rise
रांची। मिडिल-ईस्ट में बढ़ते तनाव और खाड़ी देशों में जारी युद्ध की खबरों के बीच रांची समेत पूरे देश के घरेलू गैस उपभोक्ता परेशान हैं। कारण गैस सिलेंडर के मिलने में आ रही दिक्कत है। बुकिंग के 7 दिन बीत जाने के बाद भी कंज्यूमर को डिलीवरी नहीं मिल रही है। जबकि, युद्ध शुरू होने से पहले बुकिंग कराने पर उसी दिन या अगले दिन ही गैस सिलेंडर घर पहुंच जाता था।
गोदाम जाने पर कहा जा रहा है… आज खत्म हो गया है, कल आइएगा। कभी कहा जा रहा है… देर हो गई आपको आने में, कल सुबह नौ बजे आइएगा। कंज्यूमर सारा काम छोड़कर गैस सिलेंडर के पीछे परेशान हैं। कुछ उपभोक्ताओं की शिकायत है कि गैस एजेंसी वाले फोन तक नहीं उठा रहे हैं, जिससे उन्हें डिलीवरी को लेकर अपडेट तक नहीं मिल पा रहा है।
स्थिति जल्द ठीक होने का दावा
मामले में गैस एजेंसियों ने स्थिति जल्द सामान्य हो जाने का दावा किया है। वहीं, ऑयल कंपनी के सूत्रों ने बताया कि रांची में इन दिनों पैनिक बुकिंग हो रही है। रोजाना 30 प्रतिशत से अधिक बुकिंग दर्ज की जा रही है।
रांची में प्रतिदिन करीब 21 हजार गैस सिलेंडरों की सप्लाई की जाती है, जो अभी बढ़ कर 27 हजार हो गई है। हालांकि कंपनियों का कहना है कि गैस का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। चिंता करने की जरूरत नहीं है। आपूर्ति व्यवस्था जल्द ही पूरी तरह सामान्य हो जाएगी।
25 दिन के अंतराल पर ही मिलेगा सिलेंडर
झारखंड पेट्रोलियम एसोसिएशन के अनुसार उपभोक्ताओं को अब 25 दिन के अंतराल पर ही गैस सिलेंडर मिलेगा। इधर गैस कंपनी के एक अधिकारी ने बताया कि घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग कॉमर्शियल में न हो इसके लिए ओटीपी सिस्टम से ही घरेलू गैस की आपूर्ति की जा रही है।
गैस की कमी नही
गैस एजेंसी के संचालकों का कहना है कि कस्टमर पैनिक न हों, उन्हें रसोई गैस मिलेगी। मिडिल-ईस्ट में युद्ध के कारण पैनिक बढ़ जाने से अनवांटेड डिमांड बढ़ गई है। धीरे-धीरे सभी सप्लाई नॉर्मल हो जाएंगी। गैस की कमी नहीं है।
सिलेंडर की ब्लैक मार्केटिंग पर सख्ती
गैस सप्लाई चेन में आई बाधा से गैस वितरण पर पड़े प्रभाव की समीक्षा के लिए एसडीओ कुमार रजत की अध्यक्षता में सोमवार को एक ऑनलाइन बैठक हुई। इसमें आईओसीएल, एचपीसीएल और बीपीसीएल के क्षेत्रीय प्रबंधक, गैस एजेंसियों के संचालक और जिला आपूर्ति पदाधिकारी रामगोपाल पांडेय शामिल हुए। बैठक में कंपनियों ने बताया कि एलपीजी की कोई कमी नहीं है। बैठक में गैस सिलेंडर की कालाबाजारी को लेकर प्रशासन ने कड़ा रुख दिखाया।
एसडीओ ने स्पष्ट चेतावनी दी कि जिले में गैस वितरण की लगातार निगरानी की जा रही है और किसी भी प्रकार की कालाबाजारी या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कोई गैस एजेंसी या वितरक कालाबाजारी में लिप्त पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही कंपनियों को टोल-फ्री नंबर जारी करने, व्यापक जागरूकता अभियान चलाने तथा एजेंसियों के बीच समन्वय के लिए व्हाट्सएप ग्रुप बनाने के निर्देश भी दिए गए।









