SIR In Jharkhand: झारखंड में शुरू होने जा रहा SIR, तैयार रखें ये 13 दस्तावेज

3 Min Read

SIR In Jharkhand

रांची। झारखंड में मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। भारत निर्वाचन आयोग की ओर से अप्रैल महीने में झारखंड में एसआईआर की प्रक्रिया शुरू करने का संकेत दिया गया है।

बिहार और देश के कई राज्यों में एसआईआर की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब झारखंड में भी मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई है।

भारत निर्वाचन आयोग की ओर से पिछले कई महीनों से वर्ष 2003 की मतदाता सूची के आधार पर वर्तमान सूची की मैपिंग का काम चल रहा था। बूथ लेवल ऑफिसर घर-घर जाकर मतदाताओं का विवरण जुटा रहे थे और परिवार के सदस्यों के आधार पर फैमिली ट्री तैयार की जा रही थी।

13 प्रकार के दस्तावेज की जरूरत

विशेष गहन पुनरीक्षण के समय मतदान की योग्यता रखने वाले सभी लोगों को 13 प्रकार के दस्तावेज उपलब्ध कराने होंगे। जिसके तहत आवेदन के दौरान स्वयं और माता-पिता के अलग-अलग प्रमाणित दस्तावेज जमा करना अनिवार्य होगा। इनमें नागरिकता, पहचान निवास और निर्वाचन से जुड़े प्रमाण शामिल है।

कौन कौन से दस्तावेज की जरूरत होगी

केंद्र, राज्य सरकार या पीएसयू के नियमित कर्मचारी या पेंशनर्स को जारी कोई भी पहचान पत्र
सरकारी, स्थानीय प्राधिकरण बैंकों, डाकघर,एलआईसी, पीएसयू की ओर से जारी कोई भी पहचान पत्र या प्रमाण पत्र
जन्म प्रमाण पत्र
पासपोर्ट
मैट्रिक या किसी मान्यता प्राप्त या विश्वविद्यालय की ओर से जारी शैक्षणिक प्रमाण पत्र
स्थायी निवास प्रमाण पत्र
वन अधिकार प्रमाणपत्र
जाति प्रमाण पत्र
राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर
फैमिली रजिस्टर
भूमि या मकान आवंटन प्रमाण पत्र
आधार कार्ड

क्यों जरूरी है SIR…

भारत में निर्वाचन कानून के अनुसार मतदाता सूची का पुनरीक्षण हर चुनाव के पहले या आवश्यकता पड़ने पर किया जाना चाहिए। पिछले दो दशकों से सामाजिक, जनसांख्यिकीय बदलाव, पलायन और मृत्यु के बाद मतदाताओं के नाम हटने और विदेशी नागरिकों के गलत तरीके से शामिल होने जैसी समस्याओं के कारण मतदाता सूची की शुद्धता पर सवाल उठे हैं। इसलिए झारखंड समेत देश भर में विशेष पुनरीक्षण का काम किया जा रहा है।

पहले से तैयार रखें कागजात

चुनाव आयोग की ओर से यह सलाह दी गई है कि एसआईआर के दौरान किसी भी तरह की परेशानी से बचने के लिए सभी आवश्यक पहचान पत्र और जरूरी दस्तावेज पहले से तैयार रखें। भारत निर्वाचन आयोग की ओर से आने वाले दिनों में दस्तावेज सत्यापन और एसआईआर से जुड़े सवालों पर विस्तृत दिशा निर्देश भी जारी किए जाएंगे।

Share This Article