Jharkhand municipal election 2026:
सरायकेला। चुनाव के दिन सरायकेला में एक भावुक और प्रेरक तस्वीर देखने को मिली, जिसने लोकतंत्र के प्रति जागरूकता का अनोखा संदेश दिया। मदन मुखी की बेटी कुमकुम मुखी, जिनकी सोमवार को शादी और विदाई की रस्में तय थीं, उन्होंने विवाह की व्यस्त तैयारियों के बीच मतदान केंद्र पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
दुल्हन के जोड़े में मतदान
वार्ड नंबर 5 के मतदान केंद्र, उत्क्रमित मध्य विद्यालय इन्द्रटांडी में जब कुमकुम मुखी लाल दुल्हन के परिधान में पहुंचीं तो वहां मौजूद मतदाता और कर्मी कुछ क्षण के लिए चौंक गए। शादी की रस्मों और विदाई की तैयारियों के बीच उन्होंने पहले लोकतंत्र को प्राथमिकता दी और मतदान किया।
परिवार ने दिया साथ
इस मौके पर उनके पिता मदन मुखी और परिवार के अन्य सदस्य भी उनके साथ मौजूद थे। परिवार ने भी इस पहल का समर्थन किया और मतदान के महत्व को रेखांकित किया। कुमकुम की यह पहल न केवल युवाओं के लिए प्रेरणा बनी, बल्कि यह संदेश भी दिया कि जीवन के सबसे खास पलों में भी लोकतांत्रिक जिम्मेदारी निभाना उतना ही आवश्यक है।







