Ranchi Elephant Attack:
रांची। रातू थाना क्षेत्र के पाली गांव में सोमवार को जंगली हाथी के हमले में एक मजदूर की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों के अनुसार, हाथी अचानक आबादी वाले क्षेत्र में घुस आया, जिससे अफरा-तफरी मच गई।मृतक की पहचान 36 वर्षीय सुबोध खलखो के रूप में हुई है। वह मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। बताया जा रहा है कि हाथी के गांव में आने के समय सुबोध उसी इलाके में मौजूद थे। अचानक हाथी उनके बेहद करीब पहुंच गया और वे उसकी चपेट में आ गए। हाथी ने उन्हें कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
ग्रामीणों का क्या कहना?
ग्रामीणों का कहना है कि बीते दो दिनों से हाथी हटिया और चित्तरकोटा पतरा क्षेत्र में देखा जा रहा था। इसके बावजूद उसके पाली गांव तक पहुंच जाने से लोगों में भय व्याप्त है। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजन सदमे में हैं।सूचना मिलते ही रातू थाना पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लिया और हाथी को नियंत्रित करने के लिए निगरानी बढ़ा दी है। वन विभाग की ओर से हाथी को जंगल की ओर खदेड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।
प्रशासन ने ग्रामीणों से की अपील
प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे घरों में ही रहें और हाथी से सुरक्षित दूरी बनाए रखें। खेतों या जंगल की ओर जाने से पहले आसपास की जानकारी लेने की सलाह दी गई है। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस या वन विभाग को सूचना देने को कहा गया है।
यह घटना एक बार फिर मानव और वन्यजीव संघर्ष की गंभीर समस्या को उजागर करती है। स्थानीय लोग क्षेत्र में स्थायी सुरक्षा व्यवस्था की मांग कर रहे हैं।






