Ranchi municipal election 2026: राजधानी रांची में बढ़ चढ़कर मतदान कर रहे लोग

4 Min Read

Ranchi municipal election 2026:

रांची। झारखंड की राजधानी रांची में लंबे इंतजार के बाद आज नगर निकाय चुनाव के लिए मतदान हो रहा है। सुबह से ही शहर के विभिन्न वार्डों और मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। लोकतंत्र के इस महापर्व में युवा, महिलाएं और बुजुर्ग सभी बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। कई स्थानों पर सुबह 7 बजे से पहले ही लोग लाइन में खड़े नजर आए। प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और पुलिस बल की तैनाती के साथ मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने की कोशिश की जा रही है।

IDTV इंद्रधनुष की टीम ने लिया जायजा

IDTV इंद्रधनुष की टीम ने शहर के कई प्रमुख इलाकों का दौरा कर मतदान केंद्रों का जायजा लिया। सबसे पहले टीम करमटोली चौक, वार्ड-19 पहुंची। यहां सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतार लगी हुई थी। लोग बारी-बारी से अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे थे। कई मतदाताओं ने बताया कि वे अपने वार्ड के विकास को ध्यान में रखकर वोट दे रहे हैं। कुछ लोगों ने सड़क, नाली और पेयजल की समस्याओं को प्रमुख मुद्दा बताया। स्थानीय नागरिकों का कहना था कि वर्षों से बुनियादी सुविधाओं की कमी बनी हुई है, जिसे इस बार दूर किए जाने की उम्मीद है।

इसके बाद टीम बरियातू स्थित गवर्नमेंट गर्ल्स +2 हाई स्कूल पहुंची, जो वार्ड-19 के अंतर्गत आता है। यहां भी मतदान को लेकर लोगों में खासा उत्साह दिखाई दिया। महिला मतदाताओं की अच्छी-खासी भागीदारी देखने को मिली। कई महिलाओं ने कहा कि वे ऐसे प्रतिनिधि को चुनना चाहती हैं जो क्षेत्र में पानी, सफाई और स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार ला सके।

वार्ड-4 और वार्ड-9 में क्या कह रहे लोग?

बरियातू स्थित DAV स्कूल में वार्ड-4 और वार्ड-9 के मतदाता मतदान करते नजर आए। यहां लोगों से बातचीत के दौरान पेयजल संकट, सफाई व्यवस्था और स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी जैसे मुद्दे प्रमुखता से सामने आए। इन समस्याओं को लेकर लोगों में नाराजगी भी साफ दिखी। कई मतदाताओं ने कहा कि चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर काम अधूरा रह जाता है।

इसके बाद टीम बूटी मोड़, वार्ड-5 पहुंची, जहां काफी भीड़ देखने को मिली। यहां युवा मतदाताओं की भागीदारी उल्लेखनीय रही। युवाओं ने ट्रैफिक जाम, जलजमाव और कचरा प्रबंधन की समस्याओं पर खुलकर अपनी बात रखी और स्थायी समाधान की मांग की।

बूथ बदलाव के कारण परेशान दिखे लोग

अंत में टीम मोराबादी, वार्ड-3 पहुंची। यहां भी मतदाता शांतिपूर्ण ढंग से अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे थे। हालांकि, लगभग हर वार्ड में एक आम समस्या रही वो है बूथ की अदला-बदली। कई लोग बूथ बदलाव के कारण परेशान दिखे। उनका कहना था कि वर्षों से वे अपने नजदीकी बूथ पर मतदान करते आ रहे थे, लेकिन इस बार नाम दूसरे बूथ पर होने के कारण उन्हें इधर-उधर भटकना पड़ा।

कुल मिलाकर, रांची में नगर निकाय चुनाव को लेकर उत्साह और जागरूकता दोनों नजर आ रहे हैं। समस्याओं और नाराजगी के बीच भी मतदाता लोकतंत्र के महापर्व में बढ़ चढ़कर हिस्सा ले रहे है।

Share This Article