Chatra air ambulance accident
चतरा। झारखंड के चतरा जिले में सोमवार रात एक बड़ा विमान हादसा सामने आया। सिमरिया क्षेत्र के पास रांची से दिल्ली जा रही एक एयर एंबुलेंस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार विमान में कुल सात लोग सवार थे।
रात के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में परेशानी
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को अवगत कराया। इसके बाद चतरा पुलिस और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। रात का समय होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में दिक्कतें आईं, लेकिन अधिकारी लगातार हालात की निगरानी कर रहे हैं।
रांची से दिल्ली जा रही थी एयर एंबुलेंस
बताया जा रहा है कि यह एयर एंबुलेंस रांची से दिल्ली के लिए रवाना हुई थी। उड़ान के दौरान तकनीकी खराबी या अन्य कारणों से सिमरिया के पास विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। हादसे के बाद आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने पूरे क्षेत्र को घेर लिया है और लोगों से घटनास्थल से दूर रहने की अपील की है।
तकनीकी जानकारी के अनुसार
तकनीकी जानकारी के अनुसार विमान का रजिस्ट्रेशन नंबर VTAJV था। यह Beechcraft King Air BE9L श्रेणी का विमान था, जिसका संचालन Redbird Airways Pvt. Ltd. द्वारा किया जा रहा था। यह एक मेडिकल फ्लाइट थी, जिसमें एक मरीज को इलाज के लिए दिल्ली ले जाया जा रहा था।
विमान में मरीज समेत सात लोग सवार
विमान में सवार सात लोगों में एक मरीज, एक डॉक्टर, एक पैरामेडिक, दो अटेंडेंट, एक पायलट (PIC) और एक सह-पायलट शामिल थे। विमान ने रांची से 13:37 UTC (भारतीय समयानुसार 19:07 बजे) उड़ान भरी थी और दिल्ली पहुंचने का अनुमानित समय 16:30 UTC (22:00 बजे IST) था। फिलहाल सभी यात्रियों की स्थिति को लेकर विस्तृत आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि मामले की गहन जांच के बाद ही दुर्घटना के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।








