Ranchi Civil Court bomb threat: ईमेल से फिर दूसरी बार मिली रांची सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी

3 Min Read

Ranchi Civil Court bomb threat:

रांची। झारखंड की राजधानी रांची में स्थित रांची सिविल कोर्ट को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। यह दूसरी बार है जब कोर्ट परिसर को ईमेल के जरिए निशाना बनाने की चेतावनी दी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस और बम निरोधक दस्ता (BDS) मौके पर पहुंचा और पूरे परिसर की सघन तलाशी शुरू कर दी गई। कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय ने बताया कि अज्ञात ईमेल आईडी से भेजे गए संदेश में कोर्ट परिसर को आरडीएक्स लगाकर उड़ाने की धमकी दी गई है।

धमकी के बाद एहतियातन कोर्ट परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई और प्रवेश-निकास बिंदुओं पर कड़ी निगरानी रखी गई। बम निरोधक दस्ते ने डॉग स्क्वायड और आधुनिक उपकरणों की मदद से हर हिस्से की जांच की। फिलहाल जांच के दौरान किसी विस्फोटक सामग्री के मिलने की पुष्टि नहीं हुई है।

6 फरवरी को भी मिली थी धमकी

इससे पहले 6 फरवरी को भी रांची सिविल कोर्ट को इसी तरह ईमेल के माध्यम से बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। उस समय भी सुरक्षा एजेंसियों ने दो दिनों तक पूरे कोर्ट कैंपस की तलाशी ली थी। जांच में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला था, लेकिन प्रशासन ने इसे गंभीरता से लेते हुए निगरानी बढ़ा दी थी।

समाहरणालय को भी बनाया गया था निशाना

सिविल कोर्ट को धमकी मिलने के कुछ दिनों बाद Ranchi Collectorate (समाहरणालय भवन) को भी ईमेल के जरिए उड़ाने की चेतावनी दी गई थी। उस ईमेल में सल्फर नाइट्रेट बम से विस्फोट करने की बात कही गई थी। घटना के बाद पुलिस ने तत्काल इलाके को घेरकर तलाशी अभियान चलाया था।लगातार मिल रही धमकियों के मद्देनजर रांची पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। साइबर सेल को ईमेल भेजने वाले की पहचान और लोकेशन ट्रेस करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोषियों को जल्द चिन्हित कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

इस बीच कोर्ट परिसर में सामान्य कामकाज जारी है, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था पहले से ज्यादा कड़ी कर दी गई है। अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।

Share This Article