Ramgarh Municipal Corporation Election
रामगढ़। रामगढ़ में नगर निकाय चुनाव को लेकर सोमवार सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो गया। शुरुआती घंटों में मतदान की रफ्तार धीमी रही, लेकिन समय बढ़ने के साथ बूथों पर मतदाताओं की भीड़ बढ़ती चली गई। दोपहर एक बजे तक जिले की कुल 32 सीटों पर 38.56 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतदान समाप्त होने में अभी तीन घंटे शेष हैं और अनुमान लगाया जा रहा है कि शाम तक मतदान प्रतिशत 52 से 55 फीसदी के बीच पहुंच सकता है।
रामगढ़, पतरातू, मांडू और दुलमी प्रखंड
इस बार रामगढ़, पतरातू, मांडू और दुलमी प्रखंडों में कुल 97,698 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। जिले भर में 98 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। एक बजे तक रामगढ़ प्रखंड में 38,721 मतदाताओं में से 14,262 ने वोट डाला, जिससे 37.91 प्रतिशत मतदान हुआ।
पतरातू में 25,005 में से 9,530 मतदाताओं ने मतदान किया और यहां 37.22 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई। मांडू प्रखंड सबसे आगे रहा, जहां 30,923 में से 12,675 मतदाताओं ने मतदान किया और 42.61 प्रतिशत वोटिंग हुई। दुलमी में 3,049 में से 1,202 लोगों ने वोट डाला, जिससे 38.62 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ।
बूथों पर दिखा उत्साह
सुबह धीमी शुरुआत के बाद दस बजे के बाद मतदान केंद्रों पर उत्साह का माहौल दिखा। कई बूथों पर महिलाओं की लंबी कतारें नजर आईं। बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाता भी पूरे उत्साह के साथ मतदान करने पहुंचे। पहली बार वोट डालने आए युवाओं में खासा जोश दिखा। कई युवाओं ने अपने पहले वोट की खुशी में सेल्फी भी ली।
प्रशासन पूरी तरह अलर्ट
शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। उपायुक्त फ़ैज़ अक अहमद मुमताज़ और पुलिस अधीक्षक अजय कुमार लगातार हालात की निगरानी कर रहे हैं। हर बूथ पर सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है और गश्ती दल भी सक्रिय हैं। अब तक मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी है।








