Ramgarh Crime News: रामगढ़ में बेखौफ अपराधी, क्रशर प्लांट पर धावा, जेसीबी को लगाई आग

2 Min Read

Ramgarh Crime News:

रामगढ़। रामगढ़ जिले में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए। भदानीनगर ओपी क्षेत्र के सुथरपुर स्थित सुदूरवर्ती इलाके में शुक्रवार देर रात हथियारबंद बदमाशों ने एक निर्माणाधीन क्रशर प्लांट पर धावा बोल दिया। घटना से इलाके में दहशत का माहौल है।जानकारी के अनुसार, सुथरपुर में बन रहे सियाराम क्रशर प्लांट में देर रात चार से पांच की संख्या में अपराधी पहुंचे। बदमाशों ने पहले वहां मौजूद मजदूरों और कर्मियों को धमकाया और सभी को एक कमरे में बंद कर बाहर से कुंडी लगा दी। इसके बाद प्लांट परिसर में खड़ी जेसीबी मशीन से डीजल निकालकर उसी पर छिड़क दिया और आग लगा दी। कुछ ही देर में मशीन धू-धू कर जलने लगी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जाते-जाते अपराधियों ने प्लांट संचालकों को धमकी देते हुए कहा कि “बिना परमिशन के कैसे क्रशर प्लांट लगवा रहे हो, पहले बात कर लेना। जब तक बात नहीं होगी, काम बंद रहेगा।” इस बयान से रंगदारी या किसी आपराधिक दबाव की आशंका जताई जा रही है।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही भदानीनगर ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे में बंद कर्मियों को सुरक्षित बाहर निकाला। जली हुई जेसीबी मशीन और आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए। भदानीनगर ओपी प्रभारी अख्तर अली ने बताया कि मामले में रंगदारी, आपसी विवाद या अन्य आपराधिक कारणों को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

इलाके में भय का माहौल

सुदूरवर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था अपेक्षाकृत कमजोर रहने का फायदा अपराधी उठा रहे हैं। इस घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों और प्लांट कर्मियों में भय का माहौल है। पुलिस ने जल्द खुलासा करने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।

Share This Article