Ram Navami DJ controversy: रामनवमी में डीजे बजाने पर रोक को लेकर विधानसभा में हंगामा, भाजपा विधायकों ने सरकार को घेरा

2 Min Read

Ram Navami DJ controversy:

रांची। झारखंड विधानसभा में बुधवार को कार्यवाही शुरू होते ही रामनवमी के अवसर पर डीजे बजाने पर रोक को लेकर जोरदार हंगामा हुआ। इस मुद्दे पर विपक्षी दल भाजपा के विधायकों ने सरकार को घेरते हुए विरोध दर्ज कराया और सदन में नारेबाजी की। भाजपा विधायक नवीन जायसवाल ने सवाल उठाते हुए कहा कि हिंदू पर्व-त्योहारों के दौरान डीजे बजाने पर रोक लगा दी जाती है, जबकि अन्य धर्मों के त्योहारों पर ऐसी पाबंदी नहीं लगाई जाती। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इस मामले में भेदभाव कर रही है।

वेल में पहुंचे विधायक

मामले को लेकर भाजपा विधायक सदन के वेल में पहुंच गए और जोरदार नारेबाजी करने लगे। हंगामे के दौरान सत्ता पक्ष के कुछ विधायक भी अपनी बात रखने के लिए वेल में आ गए। कांग्रेस विधायक राजेश कच्छप भी वेल में पहुंचे, जबकि विधायक प्रदीप यादव ने भाजपा के आरोपों का खंडन किया।

सुप्रीम कोर्ट के आदेश का दिया हवाला

इस पर संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि देर रात डीजे बजाने पर रोक झारखंड सरकार का नहीं, बल्कि सुप्रीम कोर्ट का आदेश है। उन्होंने यह भी कहा कि बिहार में भी डीजे बजाने पर इसी तरह की पाबंदी लागू है।

देश के मुद्दों पर भी जताई चिंता

राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि आज सिर्फ हिंदू ही नहीं, बल्कि पूरा देश कई गंभीर समस्याओं का सामना कर रहा है। उन्होंने गैस और पेट्रोलियम पदार्थों की बढ़ती कीमतों को लेकर भी चिंता जताई और कहा कि इन मुद्दों पर भी चर्चा होनी चाहिए।

Share This Article