झारखंड विधानसभा बजट सत्रः विधायक रागिनी सिंह ने 167 करोड़ के सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल को लेकर सरकार को घेरा

2 Min Read

Jharkhand Assembly Budget Session

रांची। धनबाद के झरिया की विधायक Ragini Singh ने बजट सत्र के दौरान विधानसभा में धनबाद स्थित शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (एसएनएमएमसीएच) में बने सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के वर्षों से बंद पड़े रहने का मुद्दा जोरदार तरीके से उठाया। उन्होंने कहा कि 167 करोड़ रुपये की लागत से बना यह अत्याधुनिक अस्पताल अब तक शुरू नहीं हो सका है, जो सरकार की स्वास्थ्य व्यवस्था और प्रशासनिक उदासीनता का बड़ा उदाहरण है।

शोपीस बना अस्पताल

विधायक ने सदन को बताया कि वर्ष 2016 में केंद्र सरकार की योजना के तहत धनबाद को सुपर स्पेशलिटी अस्पताल की सौगात मिली थी। इस परियोजना के तहत 200 बेड का आधुनिक अस्पताल बनाया गया, जिसमें 160 जनरल बेड और 40 आईसीयू बेड के साथ आठ अत्याधुनिक मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर, रेडियोलॉजी और पैथोलॉजी जैसी आधुनिक जांच सुविधाएं उपलब्ध हैं।

उन्होंने कहा कि सरकारी दस्तावेजों के अनुसार लगभग 80 करोड़ रुपये भवन निर्माण पर और करीब 87 करोड़ रुपये मशीनों व उपकरणों की खरीद पर खर्च किए गए हैं। अधिकांश निर्माण कार्य और उपकरणों की स्थापना पूरी होने के बावजूद अस्पताल का संचालन अब तक शुरू नहीं होना चिंताजनक है।

स्थानीय लोग इलाज के लिए जा रहे बाहर

रागिनी सिंह ने कहा कि धनबाद और पूरे कोयलांचल क्षेत्र की लाखों आबादी को आज भी कैंसर, हृदय रोग और न्यूरो जैसी गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए रांची और कोलकाता जैसे शहरों का रुख करना पड़ता है। इससे गरीब और मध्यम वर्ग के मरीजों पर भारी आर्थिक बोझ पड़ता है और कई बार समय पर इलाज नहीं मिलने से मरीजों की जान तक चली जाती है।

Share This Article