Holi celebration in Novamundi
नोवामुंडी। नोवामुंडी थाना परिसर में होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण ढंग से मनाने के लिए मंगलवार को शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस निरीक्षक बासुदेव मुंडा ने की। इसमें पुलिस पदाधिकारी और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
हुड़दंग और जबरदस्ती पर सख्ती
पुलिस निरीक्षक बासुदेव मुंडा ने स्पष्ट किया कि होली के दौरान किसी भी प्रकार की हुड़दंगबाजी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जबरदस्ती रंग लगाने, अश्लील गाने बजाने, नशे में उत्पात मचाने या धार्मिक भावनाओं को आहत करने की कोशिश करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
पुलिस ने बताया कि पर्व के दौरान गश्त बढ़ाई जाएगी और संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखी जाएगी।
नागरिकों ने दिया सहयोग का भरोसा
बैठक में एसआई अभिनय कुमार सहित कई प्रमुख नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि होली आपसी भाईचारे और सौहार्द का प्रतीक है और इसे शांतिपूर्ण माहौल में मनाया जाना चाहिए। नागरिकों ने प्रशासन को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
होलिका दहन और होली की तिथि
बैठक में जानकारी दी गई कि 2 मार्च की रात होलिका दहन किया जाएगा, जबकि 4 मार्च को रंगों की होली मनाई जाएगी। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित समय और नियमों का पालन करें तथा किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। पुलिस ने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत थाना को दें, ताकि सामूहिक सहयोग से पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाया जा सके।






