Journalist killed in Ramgarh
रामगढ़। झारखंड के रामगढ़ जिले में रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में पत्रकार लाल किशोर महतो की मौत हो गई। इस घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। बताया जा रहा है कि बेटुलकला निवासी लाल किशोर महतो अपनी स्कॉर्पियो से घर लौट रहे थे। इसी दौरान गोला थाना क्षेत्र के डुंडीगाछी के पास उनकी गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई। वाहन के नीचे दब जाने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस घटनास्थल पर पहुंची
सूचना मिलते ही गोला पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और उन्हें बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, गोला ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर फैलते ही अस्पताल परिसर में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।
परिवार में शोक का माहौल
घटना की जानकारी मिलते ही ममता देवी समेत कई जनप्रतिनिधि और समाजसेवी अस्पताल पहुंचे तथा शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया। पत्रकार साथियों ने भी गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
कौन थे लाल किशोर महतो
लाल किशोर महतो एक निर्भीक और जनसमर्पित पत्रकार के रूप में जाने जाते थे। वे सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते थे और क्षेत्र की समस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाते थे। अपने सरल और मिलनसार स्वभाव के कारण वे आम लोगों के बीच काफी लोकप्रिय थे।
वे अपने पीछे पत्नी मुन्नी किशोर महतो और दो बेटियों को छोड़ गए हैं। उनकी पत्नी पूर्व में मुखिया रह चुकी हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। खबर लिखे जाने तक सोमवार सुबह उनका पार्थिव शरीर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, गोला में रखा गया था। पोस्टमार्टम के लिए रामगढ़ भेजने की तैयारी की जा रही है। उनके असामयिक निधन से पूरा क्षेत्र स्तब्ध है।








