Seraikela police fines
सरायकेला। होली के मद्देनजर सरायकेला-खरसावां जिले में प्रशासन पूरी तरह सख्त नजर आ रहा है। पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस और उत्पाद विभाग ने संयुक्त अभियान चलाया। ड्रंक एंड ड्राइव से लेकर अवैध शराब परोसने वालों तक पर कार्रवाई की गई।
कांड्रा टोल पर चला ड्रंक एंड ड्राइव अभियान
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर यातायात थाना प्रभारी राजू के नेतृत्व में कांड्रा टोल पर विशेष जांच अभियान चलाया गया। शाम 5 बजे से शुरू हुई चेकिंग में दोपहिया से लेकर मालवाहक वाहनों तक की सघन जांच की गई। इस दौरान वाहन संख्या जेएच05डीजेड-6097 के चालक राजा राम महतो को रोका गया। ब्रेथ एनालाइजर जांच में 104 एमएल अल्कोहल की पुष्टि होने पर नियमानुसार जुर्माना लगाया गया और वाहन मालिक को सूचित किया गया। पुलिस ने चेतावनी दी है कि नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
एनएच-33 स्थित होटलों में छापेमारी
होली 2026 को देखते हुए अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और परोसने पर रोक लगाने के लिए उत्पाद विभाग ने भी अभियान चलाया। उपायुक्त के निर्देश पर उत्पा द अधीक्षक क्षितिज विजय मिंज के नेतृत्व में 1 मार्च की शाम चांडिल थाना क्षेत्र में National Highway 33 किनारे स्थित कई होटलों की जांच की गई। महेश होटल, त्रिवेणी होटल, शत्रुघ्न होटल, अनन्या होटल और गोल्डन लीफ होटल में तलाशी अभियान चलाया गया। जांच के दौरान महेश होटल और अनन्या होटल में अवैध रूप से शराब परोसने की पुष्टि हुई।
दो होटल संचालक गिरफ्तार
अवैध शराब परोसने के मामले में महेश होटल और अनन्या होटल के संचालकों को गिरफ्तार किया गया। उनके खिलाफ झारखंड उत्पाद अधिनियम की धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों ने साफ कहा है कि त्योहार के दौरान किसी भी अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रशासन की अपील
पुलिस और उत्पाद विभाग ने आम लोगों से अपील की है कि होली शांति और सौहार्द के साथ मनाएं, नशे की हालत में वाहन न चलाएं और कानून का पालन करें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।







