Giridih municipal elections violence: गिरिडीह में नगर चुनाव के बाद हिंसा, थानेदार सस्पेंड

2 Min Read

Giridih municipal elections violence

गिरिडीह। झारखंड के गिरिडीह नगर निगम चुनाव में वार्ड नंबर 16 में मतदान खत्म होते ही हिंसक झड़प और गोलीबारी से इलाके में दहशत फैल गई। घटना में दो लोग घायल हो गए। हालात की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की है।

एसआईटी का गठन, छापेमारी तेज

पुलिस ने डीएसपी मुख्यालय नीरज कुमार सिंह के नेतृत्व में एसआईटी गठित की है। टीम में एसडीपीओ सदर जीतवाहन उरांव और डीएसपी कौशर अली को शामिल किया गया है। एसआईटी ने जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

थाना प्रभारी हटाए गए

घटना के बाद आईजी सुनील भास्कर गिरिडीह पहुंचे और डीसी रामनिवास यादव व एसपी डॉ. बिमल कुमार के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। समीक्षा के बाद नगर थाना प्रभारी ज्ञान रंजन को तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया। उनकी जगह रतन कुमार सिंह को नया थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है।

कैसे भड़का विवाद

बताया गया कि सुबह वार्ड नंबर 18 में मतदान के दौरान मामूली विवाद हुआ था, जिसे पुलिस ने शांत करा दिया था। लेकिन शाम को मतदान खत्म होने के बाद विवाद दोबारा भड़क गया और हिंसक झड़प व गोलीबारी में बदल गया।

सड़क जाम, बढ़ाई गई सुरक्षा

घटना के विरोध में स्थानीय लोग राजू खान के नेतृत्व में सड़क पर उतर आए और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। देर रात तक चला सड़क जाम अधिकारियों के आश्वासन के बाद समाप्त हुआ। फिलहाल इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।।

Share This Article