झारखंड में शहर की सरकार के लिए राज्यपाल, सीएम ने डाले वोट रांची, धनबाद-गिरिडीह, बोकारो में हंगामा 27 को आएंगे नतीजे

7 Min Read

Ranchi municipal election 2026

रांची। झारखंड के 48 नगर निकायों में शहर की सरकार चुनने के लिए मतदान जारी है। मतदान सुबह सात बजे से शुरू हुआ, जो शाम 5 बजे तक चलेगा। लंबे अरसे के बाद हो रहे निकाय चुनाव को लेकर राज्यभर के मतदाताओं में उत्साह देखने को मिला। मतदान की प्रक्रिया शुरू होने से पहले ही मतदाताओं की लाइन प्रदेश के कई मतदान केंद्रों पर देखने को मिलने लगी। मतदान को लेकर आम से लेकर खास तक घरों से निकले और बूथ तक पहुंचे।

राज्यपाल-सीएम ने डाले वोट

राजधानी रांची में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने रांची के एटीआई सभागार स्थित मतदान केन्द्र संख्या 2 पर मतदान किया। जहां उन्होंने मतदान के बाद लोगों से इस चुनाव में बढ़ चढ़कर भागीदारी निभाने की अपील भी की। साथ ही कहा कि मतदान अहम हिस्सा होता है। वोट किसे दें उनकी इच्छा है, लेकिन वोट जरूर करें।

पत्नी कल्पना संग वोट करने पहुंचे हेमंत

सीएम हेमंत सोरेन ने पत्नी कल्पना सोरेन के साथ सहजानंद चौक, हरमू स्थित संत कुलदीप उच्च विद्यालय मतदान केंद्र में वोटिंग की। राजधानी रांची के कई इलाकों मोरहाबादी, हरमू, डोरंडा, बरियातू और हिंदपीढ़ी में सुबह से ही मतदान केंद्रों पर महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिलने लगी। पहली बार वोट डालने पहुंचे युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

रांची. गिरिडीह, धनबाद और बोकारो में हंगामा

सुबह मतदान शुरू होने के शुरुआती चार घंटे के दौरान रांची, गिरिडीह, धनबाद और बोकारो के चास में हंगामा हुआ। गिरिडीह में मतदान के दौरान वार्ड संख्या 18 स्थित बूथ नंबर 4 पर अचानक हंगामा हो गया। जानकारी के अनुसार दो पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।

इस दौरान दोनों ओर से पथराव भी किया गया, जिससे मतदान केंद्र के आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि मतदाताओं को जबरन रोककर उनके साथ मारपीट की गई और धमकाया गया। घटना से मतदान प्रक्रिया कुछ देर के लिए प्रभावित हुई।

सूसनीलेवा नाग नगर के बूथ संख्या 58, 59, 13 और 14 पर भी दो प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच झड़प हो गई।
सूसनीलेवा नाग नगर के बूथ संख्या 58, 59, 13 और 14 पर भी दो प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच झड़प हो गई।
गिरिडीह में ही वार्ड संख्या 27 के बुलाकी रोड स्थित बूथ नंबर 1 और 2 पर दो पार्षद प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच झड़प हो गई। पहले दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक हुई, जो देखते ही देखते पत्थरबाजी और मारपीट में बदल गई।

घटना से मतदान केंद्र के आसपास कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई और कई लोगों के घायल होने की सूचना है।
स्थिति बिगड़ने की सूचना मिलते ही सदर एसडीएम श्रीकांत यशवंत विस्पुते, एसडीपीओ जीतवाहन ओरांव और डीएसपी नीरज सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। हालात काबू में करने के लिए पुलिस ने हल्का लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर किया। डीएसपी नीरज सिंह ने बताया कि अब स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और दोनों बूथों पर फिर से शांतिपूर्ण तरीके से मतदान शुरू हो गया है।

वहीं धनबाद में दो जगहों पर बवाल हुआ। जिसे समय रहते नियंत्रित कर लिया गया। धनबाद में वार्ड संख्या 27 के बूथ नंबर 106, 110, 111 और 112 पर वार्ड पार्षद प्रत्याशी पुष्पा देवी और पिंकी देवी के समर्थक आमने-सामने आ गए। पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई। घटना के बाद मतदान केंद्र के बाहर भीड़ जुट गई और कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बन गई।

वहीं दूसरी घटना सूसनीलेवा नाग नगर के बूथ संख्या 58, 59, 13 और 14 पर भी दो प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच झड़प हो गई। वार्ड पार्षद प्रत्याशी शिल्पी कुमारी के प्रतिनिधि की मौजूदगी को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी थी। आरोप है कि मतदान केंद्र के पास अनावश्यक भीड़ जुटाई जा रही थी। ग्रामीणों के हस्तक्षेप और पुलिस की तत्परता से हालात काबू में लाए गए।
इधर, रांची में वार्ड नंबर 18 में झामुमो नेता और कांग्रेस नेता में भिड़ंत हो गई। पुलिस ने बड़ी मुश्किल से मामले को संभाला।

बिना आईडी मिले पोलिंग एजेंट, बीडीओ से उलझे

चास के उत्क्रमित मध्य विद्यालय चिरा, वार्ड संख्या 2 स्थित पोलिंग बूथ पर सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब जांच के दौरान कई पोलिंग एजेंट बिना पहचान पत्र के पाए गए। निरीक्षण के लिए पहुंचे चास बीडीओ प्रदीप कुमार, जो वर्तमान में आरओ की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं, ने बूथ पर 10 से 15 एजेंटों को बिना आईडी कार्ड के बैठे पाया। नियमों का हवाला देते हुए उन्होंने सभी को तत्काल बूथ से बाहर जाने का निर्देश दिया।

इस पर कुछ एजेंट भड़क गए और बीडीओ से तीखी बहस करने लगे। देखते ही देखते मामला नारेबाजी और धक्का-मुक्की तक पहुंच गया। कुछ लोगों ने मतदान प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए बूथ को रद्द करने की मांग भी कर दी। घटना से कुछ देर के लिए मतदान प्रभावित हुआ और माहौल तनावपूर्ण हो गया।

सूचना मिलते ही बोकारो एसपी हरविंदर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति को नियंत्रित किया और स्पष्ट चेतावनी दी कि चुनाव नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद मतदान प्रक्रिया दोबारा सामान्य कराई गई।

Share This Article