Jharkhand civic polls 2026:
गुमला/बोकारो। झारखंड में नगर निकाय चुनाव के दौरान मतदान प्रक्रिया जारी है, लेकिन कई जगहों से हंगामे और विवाद की घटनाएं सामने आई हैं। गुमला और बोकारो में मतदान के दौरान झड़प और फर्जी मतदान के आरोपों ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है।
गुमला के अंबेडकर नगर बूथ पर झड़प
गुमला जिले के वार्ड नंबर-4 स्थित अंबेडकर नगर मतदान केंद्र गुमला पर दो गुटों के बीच अचानक विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ गया कि मारपीट की नौबत आ गई और बूथ परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मौके पर मौजूद पुलिस बल ने हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया।
प्रशासन ने एहतियात के तौर पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की है। जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारी लगातार मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर रहे हैं।
बोकारो में फर्जी मतदान का आरोप
इधर, बोकारो के चास भोजपुर कॉलोनी क्षेत्र में फर्जी मतदान के संदेह में तीन महिलाओं को पुलिस ने हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि बूथों पर संदिग्ध गतिविधि पाए जाने के बाद कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रहे हैं। हिरासत में ली गई महिलाओं से पूछताछ जारी है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।







