Jharkhand Budget 2026-27
रांची। झारखंड सरकार का वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट मंगलवार दोपहर 12 बजे विधानसभा में पेश किया जाएगा। राज्य के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर लगातार दूसरी बार बजट प्रस्तुत करेंगे। इस बार बजट का आकार करीब 1.59 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है, जो अब तक के बड़े बजटों में से एक हो सकता है।
1 लाख करोड़ से अधिक हो सकता है योजना बजट
सूत्रों के अनुसार, कुल बजट में एक लाख करोड़ रुपये से ज्यादा राशि योजना मद में रखी जा सकती है। चालू वित्तीय वर्ष 2025-26 में 1.45 लाख 400 करोड़ रुपये का मूल बजट था, जिसमें 91,741.53 करोड़ रुपये योजना मद में थे। इनमें 17,073.61 करोड़ रुपये केंद्रीय योजनाओं से जुड़े थे। इस बार भी बजट के घाटे में रहने की संभावना है, हालांकि राहत की बात यह है कि सरकार नए टैक्स का प्रस्ताव नहीं ला सकती है।
सामाजिक क्षेत्र पर रहेगा फोकस
सरकार का मुख्य जोर सामाजिक क्षेत्र पर रहने की संभावना है। महिला, बाल विकास और सामाजिक सुरक्षा विभाग को सर्वाधिक आवंटन मिल सकता है। स्वास्थ्य, शिक्षा और ग्रामीण विकास योजनाओं पर भी विशेष ध्यान दिए जाने के संकेत हैं।
आउटकम, जेंडर और बाल बजट भी होंगे शामिल
इस बार मूल बजट के साथ आउटकम बजट, जेंडर बजट और बाल बजट भी पेश किए जाने की तैयारी है। पिछले वर्ष 13 विभागों के लिए आउटकम बजट पेश किया गया था, लेकिन इस बार इसकी संख्या बढ़ सकती है। करीब 200 योजनाओं को इसमें शामिल कर कुल बजट राशि का लगभग 60 प्रतिशत खर्च करने का प्रस्ताव संभव है। जेंडर बजट के तहत महिला केंद्रित योजनाओं में 33 प्रतिशत तक प्रावधान किया जा सकता है, जिसमें 17 विभागों की 25 से अधिक योजनाएं शामिल होने की उम्मीद है।
इन विभागों पर रहेगी खास नजर
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, पेयजल एवं स्वच्छता, कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता, वन एवं पर्यावरण, ग्रामीण विकास, समाज कल्याण, खाद्य आपूर्ति और तकनीकी व उच्च शिक्षा विभागों के लिए अहम घोषणाएं संभव हैं।
संभावित बड़ी घोषणाएं
- चतरा में भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय की स्थापना का प्रस्ताव।
- सभी मेडिकल कॉलेजों में कैथ लैब और कैंसर जांच के लिए PET स्कैन सेंटर खोलने की योजना।
- जिला अस्पतालों में सीटी स्कैन और मेमोग्राफी सुविधा।
- रांची में 20 एमटी क्षमता का मिल्क पाउडर उत्पादन केंद्र और अत्याधुनिक लैब की स्थापना।
इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी जोर
करीब 98 करोड़ रुपये की लागत से बटन तालाब परिसर में फिशरी सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनाने की योजना है। राजधानी में ट्रैफिक सुधार के लिए करमटोली से साइंस सिटी, हरमू से डिबडीह और सहजानंद चौक से कांके रोड तक फ्लाईओवर निर्माण की घोषणा भी हो सकती है। सरकार ने बजट को लेकर अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। अब सबकी नजर इस बात पर है कि इस बजट में आम जनता, किसानों, महिलाओं और युवाओं के लिए क्या खास प्रावधान किए जाते हैं। अनुमान सही साबित हुए तो यह बजट आकार और योजनाओं के लिहाज से राज्य के अब तक के सबसे बड़े बजटों में शुमार हो सकता है।








