साइकिल से विधानसभा पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, गैस-तेल संकट के खिलाफ जताया विरोध

2 Min Read

Dr. Irfan Ansari

रांची। झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी बुधवार को साइकिल चलाते हुए विधानसभा पहुंचे। उन्होंने यह कदम राज्य में गैस और तेल की सप्लाई से जुड़े संकट को लेकर केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में उठाया। मंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों, खासकर ईरान से जुड़े तनाव के कारण देश में गैस और तेल की आपूर्ति प्रभावित हो रही है, जिसका असर झारखंड के कई इलाकों में भी देखने को मिल रहा है।

केंद्रीय मंत्री को लिखा पत्र

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए बताया कि उन्होंने केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी को पत्र लिखकर झारखंड में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति जल्द बहाल करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि राज्य में कमर्शियल एलपीजी की सप्लाई बाधित होने से कई औद्योगिक संस्थानों, होटलों और कैंटीनों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

उद्योग और होटल व्यवसाय पर असर

डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि एलपीजी की कमी का असर केवल कारोबार पर ही नहीं, बल्कि हजारों श्रमिकों के भोजन की व्यवस्था पर भी पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि रांची स्थित उषा मार्टिन लिमिटेड समेत कई औद्योगिक इकाइयों की कैंटीनों में गैस की कमी के कारण भोजन व्यवस्था प्रभावित हो रही है। इससे वहां काम करने वाले कर्मचारियों और श्रमिकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

जल्द बहाल हो कमर्शियल एलपीजी की सप्लाई

स्वास्थ्य मंत्री ने केंद्र सरकार से आग्रह किया है कि औद्योगिक कैंटीनों और होटल व्यवसाय के लिए कमर्शियल एलपीजी की आपूर्ति जल्द से जल्द बहाल की जाए। उन्होंने कहा कि यदि गैस की नियमित आपूर्ति बहाल नहीं हुई, तो इससे उद्योगों के कामकाज, होटल व्यवसाय और श्रमिकों की भोजन व्यवस्था पर गंभीर असर पड़ सकता है। मंत्री ने उम्मीद जताई कि केंद्र सरकार इस मुद्दे पर जल्द सकारात्मक कदम उठाएगी।

Share This Article