RIMS Ranchi free PET-CT test: अब रिम्स में 30 हजार की PET-Scan की जांच होगी मुफ्त

2 Min Read

RIMS Ranchi free PET-CT test

रांची। झारखंड सरकार ने राज्य के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। बजट में कैंसर मरीजों के इलाज और जांच सुविधाओं के लिए 200 करोड़ रुपये का विशेष प्रावधान किया गया है। इसके तहत सभी सरकारी मेडिकल कॉलेजों में PET-Scan मशीनें लगाने की घोषणा की गई है। इस फैसले से सबसे अधिक लाभ राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) को होने की उम्मीद है।

बिहार, ओड़िशा और पश्चिम बंगाल के मरीज यहां आते है

रिम्स में हर महीने लगभग 600 नए कैंसर मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। झारखंड के अलावा बिहार, ओड़िशा और पश्चिम बंगाल से भी बड़ी संख्या में मरीज यहां आते हैं। हालांकि अस्पताल में कैंसर विभाग संचालित है, लेकिन अब तक PET-Scan जैसी उन्नत जांच सुविधा उपलब्ध नहीं थी। इस कारण मरीजों को निजी केंद्रों में 25 से 30 हजार रुपये तक खर्च कर जांच करानी पड़ती थी, जो आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए भारी बोझ साबित होता था।

ऑन्कोलॉजी विभाग के विशेषज्ञ ने क्या कहा?

ऑन्कोलॉजी विभाग के विशेषज्ञ डॉ. रोहित झा के अनुसार, PET-Scan जांच कैंसर की सही स्टेजिंग और उपचार की प्रभावशीलता जानने में बेहद अहम होती है। इससे बीमारी के फैलाव का सटीक आकलन संभव होता है, जिससे इलाज अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। संसाधनों की कमी के कारण अब तक हर जरूरतमंद मरीज को यह जांच उपलब्ध नहीं हो पाती थी।

सरकार के 200 करोड़ रुपये के प्रावधान से न केवल मशीनों की स्थापना होगी, बल्कि प्रशिक्षित स्टाफ, रेडियोफार्मास्यूटिकल आपूर्ति और रखरखाव की व्यवस्था भी सुदृढ़ की जाएगी। यदि यह योजना समय पर लागू होती है, तो रिम्स पूर्वी भारत का प्रमुख कैंसर उपचार केंद्र बन सकता है और मरीजों को सस्ती व सुलभ जांच सुविधा मिल सकेगी।

Share This Article