Nikay Chunav 2026: चुनाव प्रचार पर आज शाम 5 बजे से लगेगा ब्रेक, डोर-टू-डोर रहेगा प्रचार

2 Min Read

Nikay Chunav 2026

रांची। रांची में नगर निकाय चुनाव को लेकर माहौल पूरी तरह गरमा गया है, लेकिन अब चुनावी शोर-शराबे पर विराम लगने वाला है। आज यानी 21 फरवरी की शाम 5 बजे से चुनाव प्रचार पर आधिकारिक रूप से रोक लागू हो जाएगी। निर्धारित समय के बाद प्रत्याशी न तो लाउडस्पीकर का इस्तेमाल कर सकेंगे और न ही रैली, जुलूस या जनसभा आयोजित कर पाएंगे।

चुनाव आयोग के नियमों के अनुसार शाम 5 बजे के बाद सड़कों पर चुनावी रैलियों और रोड शो की अनुमति नहीं होगी। गाड़ियों पर लगे लाउडस्पीकर बंद करने होंगे और समर्थकों की भीड़ जुटाकर प्रचार करने पर भी रोक रहेगी। इस फैसले के साथ ही चुनावी भोंपू का शोर थम जाएगा और प्रत्याशियों को घर-घर जाकर मतदाताओं से सीधे संपर्क करना होगा।

अब घर-घर जाकर मांगा जाएगा समर्थन

प्रचार बंद होने के बाद उम्मीदवारों के पास केवल डोर-टू-डोर कैंपेन का विकल्प बचेगा। वे मतदाताओं से व्यक्तिगत रूप से मिलकर अपने पक्ष में समर्थन मांग सकेंगे। चुनावी रणनीति अब बड़े आयोजनों की जगह सीधे संवाद पर केंद्रित रहेगी। राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों ने अंतिम समय तक मतदाताओं को साधने की कोशिश की है।

23 फरवरी को होगा मतदान

नगर निकाय चुनाव के लिए मतदान 23 फरवरी को सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। जो मतदाता शाम 5 बजे तक मतदान केंद्र के भीतर प्रवेश कर जाएंगे, उन्हें वोट डालने की अनुमति होगी, भले ही प्रक्रिया में थोड़ी देर लग जाए।प्रशासन ने मतदान को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं ताकि मतदान शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो सके। निर्वाचन अधिकारियों ने मतदाताओं से बढ़-चढ़कर मतदान करने की अपील की है।

Share This Article