Road accident in Dumka
दुमका। झारखंड के दुमका जिले में साहिबगंज-गोविंदपुर हाईवे पर गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड के पास लाइटर (सिगरेट जलाने वाला) से भरे कंटेनर में आग लग गई, जिसकी चपेट में आकर तीन अन्य हाईवा भी जलकर राख हो गए। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही जलकर मौत हो गई, जबकि एक अन्य को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पीछे से टक्कर के बाद भड़की आग
पुलिस के अनुसार, लाइटर से लदे वाहन को पीछे से एक हाईवा ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कंटेनर में अचानक आग लग गई। चूंकि वाहन में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील सामग्री लदी थी, इसलिए आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि लाइटर की पेटियां धमाके के साथ फट रही थीं, जिससे आसपास खड़े अन्य तीन हाईवा भी आग की चपेट में आ गए।
बताया जा रहा है कि जिन तीन हाईवा में आग लगी, उनमें से एक में कोयला लदा था, जबकि दो खाली थे। चारों मालवाहक वाहन धू-धू कर जलते रहे। जब तक दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, तब तक अधिकांश वाहन जलकर पूरी तरह खाक हो चुके थे।
एक शव बरामद, एक घायल
घटनास्थल से एक व्यक्ति का बुरी तरह जला हुआ शव बरामद किया गया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मृतक वाहन चालक था या कोई राहगीर। स्थानीय लोगों ने बताया कि आग लगते ही अफरा-तफरी मच गई। एक गंभीर रूप से झुलसे व्यक्ति को लोगों ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
एसपी ने की पुष्टि
दुमका के एसपी पीतांबर सिंह खेरवार ने बताया कि सूचना मिलते ही दमकल और पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया। उन्होंने एक व्यक्ति की मौत और एक चालक के घायल होने की पुष्टि की है। घायल का इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया।








