Deoghar Station Unclaimed Bag:
देवघर। मंगलवार देर शाम देवघर रेलवे स्टेशन पर गश्ती के दौरान रेलवे पुलिस को एक लावारिश बैग मिला, जिसमें हथियार और बड़ी मात्रा में चांदी बरामद की गई। यह बैग जमालपुर से देवघर आ रही एक ट्रेन में संदिग्ध अवस्था में पाया गया।रेलवे पुलिस के अनुसार, बैग की तलाशी लेने पर करीब दो किलो चांदी, दो देसी कट्टा, दो देसी पिस्तौल और जिंदा कारतूस मिले। बरामद चांदी की कीमत लगभग तीन से चार लाख रुपये आंकी गई है, जबकि हथियारों की कीमत करीब एक लाख रुपये बताई जा रही है।
किसी ने नहीं ली बैग की जिम्मेदारी
रेलवे पुलिस ने जैसे ही बैग की जांच शुरू की, आसपास मौजूद यात्रियों से पूछताछ की गई, लेकिन किसी ने भी बैग की जिम्मेदारी नहीं ली। काफी देर तक पूछताछ के बावजूद कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस ने बैग और उसमें मिले सामान को जब्त कर लिया।मामले की जानकारी देते हुए आरपीएफ इंस्पेक्टर शिव शंकर कुमार और स्टेशन मास्टर दिनकर झा ने बताया कि गश्ती के दौरान संदिग्ध बैग दिखने पर उसे कब्जे में लिया गया। सुरक्षा कारणों से पूरी प्रक्रिया सावधानीपूर्वक की गई।
नगर थाना को सौंपा गया मामला
बरामद हथियार और चांदी को आगे की जांच के लिए नगर थाना के हवाले कर दिया गया है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि इतनी बड़ी मात्रा में चांदी और हथियार किस उद्देश्य से और किसके द्वारा ले जाए जा रहे थे। पुलिस इस मामले को तस्करी और आपराधिक गतिविधियों से जोड़कर भी जांच कर रही है।
तस्करी नेटवर्क की जांच शुरू
पुलिस ने संभावित तस्करों और संदिग्ध अपराधियों की सूची खंगालनी शुरू कर दी है। विशेष रूप से उन अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है, जो दूसरे शहरों में जाकर आपराधिक घटनाओं को अंजाम देते हैं।देवघर रेलवे स्टेशन पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्रियों का आवागमन होता है। ऐसे में इस तरह की बरामदगी ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है और संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की छानबीन में जुटी है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि यह खेप किसके लिए और किस मकसद से लाई जा रही थी।






