Chatra air ambulance accident
चतरा। चतरा जिले के सिमरिया क्षेत्र में सोमवार रात हुए एयर एंबुलेंस हादसे में सात लोगों की मौत के बाद राज्य सरकार हरकत में आ गई है। मंगलवार सुबह झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मृतकों के परिजनों से मुलाकात की और पोस्टमार्टम की तैयारियों व प्रशासनिक व्यवस्था का जायजा लिया।
मौके पर मंत्री ने इसे राज्य का अब तक का सबसे बड़ा एयर एंबुलेंस हादसा बताया और कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा, “मौसम खराब होने के बावजूद विमान ने उड़ान क्यों भरी, यह जांच का अहम हिस्सा होगा। हर पहलू की गंभीरता से जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जाएगी।”
अधिकारियों को सख्त निर्देश
स्वास्थ्य मंत्री ने उपायुक्त कीर्तिश्री जी और पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार अग्रवाल को राहत एवं जांच कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जांच पारदर्शी और निष्पक्ष होनी चाहिए।
मुआवजे का आश्वासन
मंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार की ओर से उचित मुआवजा दिया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि आश्रितों के हितों का पूरा ध्यान रखा जाएगा और सभी कानूनी प्रक्रियाएं संवेदनशीलता के साथ पूरी की जाएंगी।
चिकित्सा व्यवस्था पर टिप्पणी
इरफान अंसारी ने माना कि झारखंड में चिकित्सा सुविधाओं को और सुदृढ़ करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि राज्य में उच्च तकनीक वाले अस्पतालों की स्थापना की योजना है, लेकिन विपक्ष विकास कार्यों में अड़चन पैदा करता है।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
घटनास्थल और अस्पताल में स्थानीय सांसद कालीचरण सिंह, विधायक जनार्दन पासवान, अपार समाहर्ता अरविंद कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी जहूर आलम, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संदीप सुमन, सिविल सर्जन समेत कई अधिकारी मौजूद रहे। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी अस्पताल पहुंचे। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। सरकार ने भरोसा दिलाया है कि घटना की व्यापक जांच कर भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा मानकों और उड़ान प्रक्रियाओं की समीक्षा की जाएगी।








