सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड में CBI की दबिश, वित्तीय गड़बड़ियों की जांच तेज

1 Min Read

CBI raid Central University of Jharkhand

रांची। झारखंड की राजधानी रांची स्थित मनातू में मंगलवार को केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की टीम ने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड (CUJ) में दबिश दी। यह कार्रवाई विश्वविद्यालय में पूर्व वर्षों में हुई कथित वित्तीय गड़बड़ियों और नियुक्तियों में अनियमितताओं की जांच के सिलसिले में की गई है।

पुराने मामलों की पड़ताल

सूत्रों के अनुसार CBI की टीम विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों में पहुंचकर अहम फाइलों और दस्तावेजों को खंगाल रही है। विशेष रूप से भवन निर्माण, फंड आवंटन और पुरानी नियुक्तियों से जुड़े रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि जांच मुख्य रूप से 2009 से 2014 के बीच के मामलों से संबंधित है, जिनकी शिकायतें लंबे समय से लंबित थीं।

पहले भी रहे हैं विवाद

गौरतलब है कि स्थापना के बाद से ही विश्वविद्यालय विवादों में रहा है। पूर्व में भी तत्कालीन कुलपतियों और अधिकारियों पर नियमों की अनदेखी और प्रशासनिक अनियमितताओं के आरोप लगते रहे हैं। फिलहाल CBI की कार्रवाई जारी है और दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जांच रिपोर्ट के आधार पर तय होगी।

Share This Article