BJP Ranchi Meeting:
रांची। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की अध्यक्षता में हवेली बैंक्वेट हॉल में ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण अभियान 2026’ के तहत प्रदेश स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में प्रदेश पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष और विभिन्न जिलों से चयनित प्रशिक्षण टोली के सदस्य शामिल हुए। कार्यक्रम का उद्देश्य संगठन को मजबूत करना और कार्यकर्ताओं को वैचारिक एवं संगठनात्मक रूप से प्रशिक्षित करना रहा।
कार्यक्रम में कौन कौन रहे शामिल?
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा के संगठन महामंत्री शिवप्रकाश उपस्थित रहे। इसके अलावा प्रदेश प्रभारी डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी, पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, केंद्रीय टोली के सदस्य राजकुमार फलवारिया, प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष पीएन सिंह, डॉ. रविंद्र कुमार राय और पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय ने किया।
‘प्रशिक्षण कार्यकर्ता निर्माण की कुंजी’
कार्यशाला को संबोधित करते हुए संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने कहा कि भाजपा का प्रशिक्षण कार्यक्रम ‘कार्यकर्ता’ निर्माण की कुंजी है। उन्होंने कहा कि पार्टी की रीति-नीति, कार्यपद्धति, इतिहास और विकास यात्रा से कार्यकर्ताओं को परिचित कराने में यह अभियान महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। शिवप्रकाश ने कहा कि भाजपा का एक प्रशिक्षित कार्यकर्ता विरोधियों के सैकड़ों कार्यकर्ताओं पर भारी पड़ता है।उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य मां भारती को सर्वोच्च शिखर पर स्थापित करना है और इसके लिए वैचारिक रूप से मजबूत कार्यकर्ताओं की आवश्यकता है। भारत को आत्मनिर्भर बनाने के संकल्प को पूरा करने में प्रशिक्षित और समर्पित कार्यकर्ताओं की बड़ी भूमिका होगी।
‘भाजपा विचार आधारित पार्टी’
प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि भाजपा एक विचार आधारित पार्टी है, जबकि अन्य कई दल परिवारवाद तक सीमित हो गए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा अपने वैचारिक अधिष्ठान के बल पर दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बनी है। पार्टी के कार्यकर्ता ‘राष्ट्र प्रथम’ के भाव से काम करते हैं, जो उसकी सबसे बड़ी ताकत है।
पंच प्रण और संगठन विस्तार पर जोर
प्रदेश प्रभारी डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने प्रधानमंत्री के ‘पंच प्रण’ को जन-जन तक पहुंचाने पर बल दिया। उन्होंने सर्वस्पर्शी, सर्वव्यापी और सर्वसमावेशी संगठन निर्माण के साथ ‘वोकल फॉर लोकल’ और पर्यावरण संरक्षण के संदेश को भी आगे बढ़ाने की बात कही।पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने की जरूरत बताई, वहीं प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने मंडल स्तर पर प्रशिक्षण कार्यक्रम को मार्च-अप्रैल तक पूरा करने का आह्वान किया। कार्यशाला में संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।







