Jharkhand Budget 2026-27: स्वास्थ्य क्षेत्र को करीब 8 हजार करोड़, कैंसर रोकथाम के लिए 200 करोड़ अलग

2 Min Read

Jharkhand Budget 2026-27

रांची। झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने बजट 2026-27 में स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए 7,990.30 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। सरकार ने हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत करने और गंभीर बीमारियों की रोकथाम पर विशेष जोर दिया है।

कैंसर पर खास फोकस

राज्य में बढ़ते कैंसर मामलों को देखते हुए 200 करोड़ रुपये विशेष रूप से कैंसर रोकथाम के लिए कर्णांकित किए गए हैं। सभी पांच सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पतालों में PET-CT स्कैन मशीन लगाने की घोषणा की गई है।
इसके अलावा 24ों जिला सदर अस्पतालों में मैमोग्राफी मशीन स्थापित की जाएगी, ताकि ब्रेस्ट कैंसर की शुरुआती पहचान हो सके। सभी मेडिकल कॉलेजों में कैथलैब की स्थापना की भी योजना है।

मेडिकल शिक्षा में बड़ा विस्तार

अगले वर्ष राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (RIMS) सहित सरकारी मेडिकल कॉलेजों में 220 MBBS सीटें बढ़ाई जाएंगी। चार वर्षों में MBBS सीटों को 1,030 से दोगुना करने का लक्ष्य है। PG सीटें 225 से बढ़ाकर अगले वर्ष 325 और चार वर्षों में 750 तक ले जाने की योजना है।

‘अबुआ दवाखाना’ और नए मेडिकल कॉलेज

राज्य में 750 ‘अबुआ दवाखाना’ खोलने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे लोगों को सस्ती और गुणवत्तापूर्ण दवाएं मिल सकें। PPP मोड में मेडिकल कॉलेजों के विस्तार की योजना के तहत पहले चरण में धनबाद, गिरिडीह, जामताड़ा और खूँटी के सदर अस्पतालों को मेडिकल कॉलेज के रूप में विकसित किया जाएगा। दूसरे चरण में लातेहार, साहेबगंज और सरायकेला-खरसावां को शामिल किया जाएगा। सरकार ने मुख्यमंत्री अस्पताल संचालन एवं रख-रखाव योजना और अस्पताल कायाकल्प योजना के जरिए स्वास्थ्य सेवाओं में निरंतर सुधार का भरोसा जताया है।

Share This Article