रांची। हर किसी को नए साल के आने का इंतजार है। सभी लोग अब मौज मस्ती और पिकनिक के मूड में हैं। सभी नये साल के स्वागत की तैयारियों में जुटे हैं। कोई फैमिली और फ्रेंडस के साथ पिकनिक की तैयारी कर रहा है, तो कोई कहीं बाहर जाने का। अपनी रांची के आसपास के पिकनिक स्पॉट्स भी गुलजार हो गये हैं।
पर्यटन स्थलों पर सैलानियों की भीड़ उमड़ने लगी है। इसे लेकर रांची पुलिस ने भी सुरक्षा के तगड़े इंतजाम कर रखे हैं। आम लोगों से पर्यटन स्थलों के आसपास नशापान से दूर रहने का निर्देश है। यदि कोई नशापान करता पकड़ा गया, तो फिर नये साल की शुरुआत जेल से होगी।
इतना ही नहीं पर्यटन स्थलों पर दिये गये निर्देशों का पालन करें। गंदगी न फैलाये, वर्ना जुर्माना भरना पड़ सकता है। खाने-पीने की चीजें इधर-उधर न फेंके। कोई ऐसी हरकत न करें, जिससे दूसरों को परेशानी हो। सावधान रहें, सतर्क रहे, खुद भी मौज करें और दूसरों को भी मौज करने दें। हैप्पी न्यू ईयर…टू यू आल..।
राँची पुलिस के द्वारा सुरक्षा के तगड़े इंतजाम किए गए हैं। नव वर्ष के आगमन पर सैलानियों की भीड़ और बढ़ेगी। ऐसे में सैलानियों के सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए राँची पुलिस के तरफ से बड़ी तैयारी की गई है। राँची एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा ने बताया कि, सुरक्षा को लेकर राँची के आस-पास के सभी पर्यटन स्थलों में पुलिस ने पुख्ता इंतजाम कर लिए हैँ।
पूरे राँची भर में 700 से अधिक अतिरिक्त बल लगाए जा रहें हैं। महिलाओं के साथ होने वाली छेड़खानी की घटनाओं को रोकने के लिए राजधानी में 50 शक्ति कमांडो भी तैनात किए गए हैं। एसएसपी चंदन सिन्हा ने कहा कि राँची के आस-पास स्थित दसम फॉल, जोन्हा फॉल, पंचघाघ, पतरातू, टैगोर हिल, हुंडरु जलप्रपात जैसे सभी पिकनिक स्पॉटस पर पिकनिक बनाने वालों का और सैलानियों के आने का सिलसिला अब शुरु हो गया है।
ऐसे में सभी पर्यटन स्थलों में पुलिस सहायता केंद्र खोले जा रहे हैं। वहीं पुलिस के द्वारा नशे में वाहन चलाने वालों की जांच करने के लिए कुछ स्थानों को चिन्हित किया गया है। जहां रात में चेकिंग की जाएगी और नशे में वाहन चलाते हुए पकड़े जाने पर सख्ती से कारवाई की जाएगी।
इसे भी पढ़ें
पर्यटन स्थलों पर बढ़ाई गई सुरक्षा, नए साल पर लोगों को नहीं होगी कोई परेशानी